राज्य

LPG Crisis: आम आदमी पर गैस संकट की मार, सरकार कब पहुंचेगा घर-घर सिलिंडर?

हल्द्वानी। सरकार के आदेश के बावजूद घर-घर सिलिंडर पहुंचाने की व्यवस्था में गंभीर कमी आई है। पहले बुकिंग के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता था, अब सिलिंडर के घर तक पहुंचने में कई दिन लग रहे हैं, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से कामकाजी लोग, बुजुर्ग और घर पर बच्चों के साथ अकेली रहने वाली महिलाएं इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं।

शहर की बड़ी आबादी नौकरी के कारण दोपहर में घर पर नहीं होती। कई परिवारों में मुखिया सेना या पुलिस में कार्यरत हैं, जिससे उनकी पत्नियों और छोटे बच्चों को सिलिंडर की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को गैस एजेंसियों के दफ्तरों में आफलाइन बुकिंग के लिए भीड़ देखी गई। आनलाइन बुकिंग में समस्या के कारण लोग आफलाइन बुकिंग के लिए आ रहे हैं और पूछ रहे हैं कि सिलिंडर कब पहुंचेगा। इंडेन गैस की होम डिलीवरी में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। शीशमहल स्थित गैस गोदाम में कई लोग खाली सिलिंडर लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं दिया गया। नवाबी रोड स्थित क्षितिज गैस एजेंसी में भी लोग सिलिंडर नहीं पहुंचने की शिकायत लेकर पहुंचे।

प्रबंधक गणेश सिंह नेगी ने बताया कि होम डिलीवरी में सुधार आया है, मंगलवार को 720 सिलिंडर भेजे गए हैं और बैकलाग घटकर 1700 रह गया है। क्षितिज गैस एजेंसी के प्रबंधक क्षितिज पांडे ने कहा कि होम डिलीवरी को सुचारू बनाने के लिए तीन कर्मचारियों की टीम बनाई है, जो क्षेत्र में घूम रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------