Top Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बीबीएयू में चला हरित अभियान, शिक्षकों-छात्राओं और रोटरी क्लब ने मिलकर किया पौधरोपण

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शुक्रवार को रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती के संयुक्त तत्वावधान में सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, छात्रावासों की वार्डनों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों, रोटरी क्लब के सदस्यों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 20 यूपी गर्ल्स बटालियन और 67 यूपी बटालियन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने हरित परिसर के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

कुलपति ने पर्यावरण संरक्षण को बताया नैतिक जिम्मेदारी

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

समाज की भागीदारी से ही सफल होगा पर्यावरण संरक्षण

कार्यक्रम संयोजक प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पौधरोपण को जीवनशैली का हिस्सा बनाते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं रहीं मौजूद

कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती की अध्यक्ष रोटेरियन पूर्वी मित्तल, सचिव रोटेरियन विनोद सिंह, कोषाध्यक्ष रोटेरियन इला गंभीर, प्रभारी वनस्पति उद्यान डॉ. रवि शंकर वर्मा, रोटरी क्लब के सदस्य सुमित मित्तल, आलोक शुक्ला, रीता अहूजा, अतुल कपूरिया सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्रावासों की वार्डन, गैर-शिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी, शोधार्थी और छात्राएं मौजूद रहीं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------