PM मोदी ने नायब सैनी सरकार की खुलकर की तारीफ, जींद से हरियाणा के विकास मॉडल पर भरोसे का दिया बड़ा संदेश

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जींद में आयोजित जनसभा केवल विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह कार्यक्रम हरियाणा में भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कामकाज और विकास मॉडल को सामने रखने का बड़ा मंच भी बना। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक मंच से राज्य सरकार के विकास कार्यों और पारदर्शी शासन की सराहना करते हुए उसे खुला समर्थन दिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि जींद का यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के अमृत संकल्प का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं किया, बल्कि विकसित भारत की दिशा में एक नया अध्याय भी जोड़ा है। उन्होंने देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा को मिलने को प्रधानमंत्री की ग्रीन एनर्जी नीति और दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
हरियाणा को 71 हजार करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय परियोजनाएं मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को 71 हजार करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय परियोजनाएं और सात लाख करोड़ रुपये से अधिक का विकास सहयोग मिला है। उन्होंने बताया कि सरकार के 217 संकल्पों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं और विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। उनके अनुसार भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और परिणाम आधारित कार्यशैली पर आधारित है।
प्रधानमंत्री ने पारदर्शी भर्ती और विकास कार्यों की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ प्रभावी ढंग से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बिना खर्ची और पर्ची के सरकारी नौकरियां देकर पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की है, जो पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन चुकी है।

रेल विद्युतीकरण और नई परियोजनाओं का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में रेल नेटवर्क का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि जींद अब पांच राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़कर प्रदेश के विकास का नया केंद्र बन रहा है। इससे किसानों, पशुपालकों, उद्योगों और पर्यटन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि करीब 15 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं हरियाणा के विकास को और गति देंगी।
राजनीतिक संदेश देने का भी बना मंच
जींद की यह जनसभा राजनीतिक दृष्टि से भी भाजपा के लिए अहम मानी गई। एक ओर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार के कामकाज और उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक रूप से राज्य सरकार की सराहना कर यह संदेश दिया कि केंद्र और हरियाणा सरकार विकास के साझा एजेंडे पर पूरी तरह एकजुट हैं। भाजपा ने इस कार्यक्रम के जरिए विकास, सुशासन और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने रखने का प्रयास किया।
