Saturday, March 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में गैंगस्टर अमित अग्रवाल ने वर्चस्व और पैसों के विवाद में अंकुर अग्रवाल से की खुली सड़क पर भिड़ंत

गोंडा। शहर में आपसी वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर बढ़ते अपराधी संघर्ष पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए चर्चित गैंगस्टर अमित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए, बल्कि अपराधियों के बीच चल रही अंदरूनी जंग को भी उजागर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, साहबगंज निवासी अमित अग्रवाल और रानी बाजार निवासी भूमाफिया अंकुर अग्रवाल के बीच लंबे समय से पैसों के बकाया को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद हाल ही में उस समय उग्र हो गया जब दोनों आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच बाजार हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अमित अग्रवाल पहले से ही सूचीबद्ध गैंगस्टर है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके खिलाफ जीएसटी चोरी का एक बड़ा मामला भी सामने आ चुका है, जिसने उसे पहले ही प्रशासन की निगाह में ला दिया था।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि अमित अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल के बीच लेनदेन को लेकर विवाद की सूचनाएं पहले भी मिलती रही थीं, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने के चलते सख्त कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------