Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मण्डलायुक्त ने तहसील सदर एवं फरीदपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

बरेली, 20 मार्च। मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस0 चौधरी ने कल जनपद बरेली की तहसील सदर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने उप जिलाधिकारी कोर्ट में धारा-80 तथा धारा-24 के वादों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि कोर्ट में वादों का निस्तारण नियमानुसार किया जा रहा है इस कार्य में विलम्ब होने पर सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में गिरावट आ जाती है। अतः उक्त कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

निरीक्षण के समय राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया गया जहां अभिलेखों को रखरखाव बेहतर दशा में पाया गया। रिकार्ड रुम में आधुनिक रैक उपलब्ध हैं, जिनसे अभिलेखों में दीमक व सीलन नहीं लगती है अवगत कराया गया कि यह रैक बोर्ड ऑफ रेवन्यू समस्त तहसीलों को भेजी गई हैं इसके साथ ही रिकॉर्ड रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से भी होती है। यहां 12 साल पुराने अभिलेख संरक्षित हैं।

निरीक्षण के समय खसरा/खतौनी संरक्षण, पट्टा आंवटन (कृषि, कुम्हारी कला, तालाब, आवास आंवटन) आदि पत्रावलियों को रैण्डमली खुलवाकर देखा गया जिसमें वर्ष 1972 के आवास आंवटन की पत्रावली तथा वर्ष 2019 की मुड़िया अहमद नगर की कृषि पट्टा आंवटन की पत्रावली को देखा गया और निर्देश दिए गए। सभी रिकार्ड को स्कैन कराकर संरक्षित किया जाए एवं मुड़िया अहमद नगर की कृषि पट्टा आंवटन की पत्रावली में उल्लेखित आवंटकों की कृषि भूमि का वर्तमान में स्थिति क्या है उसे भी पताकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त ने आपूर्ति कार्यालय का भी निरीक्षण किया और वहां आज प्राप्त हुए आवेदनों को देखा जिसमें कुछ आवेदन नये राशन कार्ड हेतु, कुछ आवेदन यूनिट जुड़वाने और कुछ आवेदन यूनिट कटवाने के पाए गए। मण्डलायुक्त ने जानकारी ली कि उक्त कार्य हेतु कितना समय लगता है, जिस पर सम्बंधित द्वारा अवगत कराया गया कि एक सप्ताह में कार्य शुरू हो जाता है।

उक्त के उपरांत मण्डलायुक्त ने तहसील फरीदपुर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी कोर्ट में धारा-116, 24 व 80 से सम्बंधित लंबित वादों के बारे में जानकारी ली।

मण्डलायुक्त ने भूलेख अभिलेखागार में खसरा-खतौनी आदि से सम्बंधित अभिलेखों को देखा और उनके बारे में जानकारी ली। उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड (खतौनी, खसरा, नक्शा) के सत्यापन रखरखाव और दाखिल-खारिज, पट्टा आवंटन, ग्राम समाज की भूमि का आवंटन, मा0 मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना सहित अन्य पत्रावलियों के बारे में जानकारी ली और मा0 मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना में पात्र लाभार्थियों को भुगतान की स्थिति के बारे में पूछा और उक्त योजना में बजट की क्या स्थिति रहती है, की भी जानकारी ली गयी। मण्डलायुक्त ने मा0 मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अन्तर्गत एक पात्र लाभार्थी से फोन पर वार्ता भी की और भुगतान की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान तहसील सभागार में चल रहे रंगाई-पुताई के कार्य का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, उप जिलाधिकारी फरीदपुर मल्लिका नैन सहित सम्बंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------