सृष्टि के किरदार में उतरना मेरे लिए पहले निभाए गए मज़बूत और बेबाक रोल्स से थोड़ा अलग दुनिया की खोज जैसा था”: गुलकी जोशी, यादें, सोनी सब

मुंबई, मार्च, 2026: सोनी सब का नया शो हुई गुम यादें– एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ, जो लोकप्रिय इटैलियन सीरीज़ डीओसी (डॉक) का रूपांतरित संस्करण है, दर्शकों के लिए यादों के खो जाने, पहचान और दूसरे मौके की भावनात्मक कहानी लेकर आ रहा है। यह शो 6 अप्रैल से शुरू होगा और हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे प्रसारित होगा। कहानी डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) की है, जो एक जाने-माने डॉक्टर हैं और अपनी आठ साल की यादें खोने के बाद ज़िंदगी को नए सिरे से जीने की कोशिश करते हैं। इस सफर में उनके आसपास के लोग, जिनमें उनकी पूर्व पत्नी सृष्टि (गुलकी जोशी) भी शामिल हैं, उन भावनाओं का सामना करते हैं, जिन्हें वे लंबे समय से दबाए हुए थे।

सृष्टि अस्पताल की एडमिनिस्ट्रेटर हैं, जो संचालन को स्पष्टता, अनुशासन और संयम के साथ संभालती हैं। वे संतुलित, व्यावहारिक और भावनात्मक रूप से संयमित हैं, जो अक्सर प्रतिक्रिया देने के बजाए धैर्य चुनती हैं। उनकी शांत और परिपक्व मौजूदगी उन्हें अस्पताल का स्तंभ बनाती है और उनके निजी सफर को भी गहराई देती है। गुलकी जोशी के लिए सृष्टि का किरदार निभाना उनके पिछले शो मैडम सर में निभाए गए मज़बूत और बेबाक किरदारों से अलग था। इस बार उन्हें स्थिरता और नियंत्रण दिखाना था। ज़्यादा अभिव्यक्ति के बजाए उन्होंने भावनाओं को भीतर समेटकर, ठहराव, सीमित प्रतिक्रियाओं और सूक्ष्म बॉडी लैंग्वेज के ज़रिए किरदार को असली रूप देने पर ध्यान दिया।

अपने अनुभव के बारे में बोलते हुए, गुलकी जोशी ने कहा, “सृष्टि का किरदार निभाना मेरे लिए थोड़ा अलग अनुभव था, क्योंकि इससे पहले मैंने मज़बूत और बेबाक किरदार निभाए हैं। सृष्टि ऐसी इंसान है, जो बहुत कुछ अपने भीतर रखती है, लेकिन बाहर बहुत कम व्यक्त करती है, खासकर एक प्रोफेशनल के तौर पर, जो हमेशा संयमित फैसले लेती है। मुझे सीन में खुद को रोकने और शांत पलों पर भरोसा करना पड़ा। शुरुआत में यह चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि हम अभिनेता अक्सर भावनाओं को खुलकर दिखाने के आदी होते हैं, लेकिन इसने मुझे परफॉर्मेंस को और नियंत्रित और बारीक तरीके से करने के लिए प्रेरित किया। यह अनुभव बेहद संतोषजनक रहा। मुझे उम्मीद है दर्शक उसकी ताकत और भीतर छिपी भावनाओं से जुड़ पाएँगे।”
देखना न भूलें ‘हुई गुम यादें– एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ’, 6 अप्रैल से, हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।
