Saturday, March 28, 2026
Latest:
Top Newsदेशराज्य

हरियाणा में 160 करोड़ के FD घोटाला मामले में एक्शन, कोटक महिंद्रा बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार

चंडीगढ़: हरियाणा में कोटक महिंद्रा बैंक में 160 करोड़ रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) घोटाले का खुलासा होने के बाद राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में बैंक के पूर्व रिलेशनशिप मैनेजर (RM) दिलीप कुमार राघव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, दिलीप कुमार राघव पर आरोप है कि उन्होंने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर नगर निगम पंचकूला को FD से संबंधित गलत रिपोर्ट भेजी। आरोप है कि निगम ने बैंक को FD के रूप में जो राशि सौंपी, उसे बैंक कर्मचारी मिलकर फर्जी खातों में ट्रांसफर कर रहे थे। निगम को भरोसा दिलाने के लिए बैंक अधिकारी लगातार फर्जी स्टेटमेंट और कागजी रिकॉर्ड दिखाते रहे।

घोटाले का खुलासा तब हुआ जब नगर निगम ने अपनी 58 करोड़ रुपये की FD की मैच्योरिटी पर मुख्य खाते में राशि ट्रांसफर करने का निर्देश दिया। बैंक ने स्टेटमेंट जारी कर दिखाया कि पैसा ट्रांसफर हो चुका है, लेकिन वास्तविक बैलेंस शून्य था। जांच में पता चला कि स्टेटमेंट पूरी तरह जाली थी। इसके बाद नगर निगम ने अपनी बाकी FDs की जांच करवाई, तो discrepancies और भी सामने आईं।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम पंचकूला ने सेक्टर-11 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में 16 FD करवाई थीं, जिनकी कुल राशि लगभग 145 करोड़ रुपये और मैच्योरिटी वैल्यू लगभग 158 करोड़ रुपये थी। इनमें से 11 FD 16 फरवरी 2026 को मैच्योर हो चुकी थीं। बैंक स्टेटमेंट में केवल 2.17 करोड़ रुपये बैलेंस दिखा, जबकि निगम के रिकॉर्ड के अनुसार करीब 50 करोड़ रुपये होना चाहिए थे। बाद में बैंक ने कहा कि खाते में लगभग 12 करोड़ रुपये हैं और कोई लाइव टर्म डिपॉजिट मौजूद नहीं है।

इस मामले में आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज और आपराधिक साजिश समेत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नगर निगम के निर्देश पर FD और बैंक खातों का मिलान किया गया था और अब तक जांचे गए रिकॉर्ड के अनुसार सभी लेनदेन बैंकिंग नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किए गए हैं। गौरतलब है कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------