भारत ने रक्षा निर्यात में रचा इतिहास, 38,424 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड, 80 से अधिक देशों ने खरीदे हथियार
नई दिल्ली : भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में रक्षा निर्यात के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रक्षा मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार इस दौरान भारत का रक्षा निर्यात 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जो पिछले साल की तुलना में 62 फीसदी से अधिक है। यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 23,622 करोड़ रुपये के निर्यात से लगभग 14,802 करोड़ रुपये ज्यादा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर यह खुशी साझा करते हुए कहा कि यह ‘बड़ी छलांग’ भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं पर वैश्विक भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश रक्षा निर्यात में लगातार सफलता की नई कहानी लिख रहा है।

मंत्रालय के अनुसार इस उपलब्धि में रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (DPSUs) का योगदान 54.84 प्रतिशत रहा, जबकि निजी उद्योग ने 45.16 प्रतिशत का योगदान दिया। रक्षा मंत्री ने इसे सहयोगात्मक और आत्मनिर्भर रक्षा तंत्र की ताकत बताया।

भारत वित्त वर्ष 2025-26 तक 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। निर्यातकों की संख्या भी बढ़कर 145 हो गई है, जो पिछले वर्ष के 128 निर्यातकों से 13.3 फीसदी अधिक है। मंत्रालय ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वैश्विक शीर्ष रक्षा निर्यातकों में शामिल करने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
