लखनऊ के विकास नगर में भीषण अग्निकांड: झुग्गी-झोपड़ियों में लगी आग से मचा हड़कंप, सिलेंडर धमाकों से दहशत, कई किलोमीटर तक दिखीं लपटें

लखनऊ की विकास नगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब टेढ़ी पुलिया के पास स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत, लोग घर छोड़कर भागे
आग लगते ही झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे जोरदार धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। इन धमाकों ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं, हालांकि आग की तीव्रता के चलते राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पूरा इलाका कराया गया खाली
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पूरे इलाके को खाली करा लिया है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है।

ट्रैफिक डायवर्जन से दिल्ली रोड पर जाम
घटना के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रशासन ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है, जिसके चलते रिंग रोड पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
