पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन चुनाव संपन्न, विद्या प्रकाश त्रिवेदी और अखंड प्रताप सिंह ने दर्ज की जीत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एम्प्लाइज एसोसिएशन के द्विवार्षिक अधिवेशन एवं प्रांतीय निर्वाचन का आयोजन निदेशालय परिसर स्थित सभागार में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों, मंडलों और संस्थानों से पहुंचे मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और विश्वास का परिचय दिया।

देर रात घोषित चुनाव परिणामों में विद्या प्रकाश त्रिवेदी को प्रांतीय अध्यक्ष और अखंड प्रताप सिंह को प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर आरुष यादव ने जीत दर्ज की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए धर्मेंद्र कुमार सिंह, राहुल कुमार, रमेश चंद्र और सौरभ तिवारी निर्वाचित हुए।
घोषणा के बाद हुआ जोरदार स्वागत
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कर्मचारियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर स्वागत किया। इस दौरान संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और कर्मचारी हितों के प्रति समर्पित बनाने का संकल्प दोहराया गया। पदाधिकारियों ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया।
कर्मचारियों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता: विद्या प्रकाश त्रिवेदी
नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष विद्या प्रकाश त्रिवेदी ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान, नियमित पदोन्नति, सेवा संबंधी विसंगतियों के निराकरण और संगठन की एकता व गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

हर स्तर पर उठाई जाएगी कर्मचारियों की आवाज: अखंड प्रताप सिंह
प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की प्रत्येक समस्या को निदेशालय से लेकर शासन स्तर तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए कार्य करता रहेगा।
नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा संगठन
वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने सभी कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन सभी साथियों को साथ लेकर नई सोच, नई ऊर्जा और सकारात्मक कार्यशैली के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा सक्रिय रहेगा।
द्विवार्षिक अधिवेशन का समापन संगठन की एकजुटता, पारदर्शिता और कर्मचारी हितों के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
