Top Newsदेश

IRCTC की नई वेबसाइट जल्द होगी लॉन्च, टिकट बुकिंग का बदलेगा तरीका; जानें 4 बड़े बदलाव

नई दिल्ली। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट का उद्देश्य ऑनलाइन टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक बनाना है। रेलवे का दावा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई IRCTC वेबसाइट लगभग तैयार है और इसे जल्द ही यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसे रेलवे के नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जाएगा। नए सिस्टम के लागू होने के बाद टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से बेहतर होने की उम्मीद है।

नई वेबसाइट में होंगे ये 4 बड़े बदलाव

कैप्चा और पॉप-अप की परेशानी होगी कम

नई IRCTC वेबसाइट में टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले कैप्चा और पॉप-अप की समस्या को कम करने पर काम किया गया है। इससे यात्रियों को टिकट बुक करते समय कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा और प्रक्रिया ज्यादा आसान होगी।

एक ही स्क्रीन पर दिखेगी सीट उपलब्धता

नई वेबसाइट में यात्रियों को सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे अलग-अलग क्लास में जाकर बार-बार सीट चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय की बचत होगी।

कम स्टेप्स में पूरी होगी टिकट बुकिंग

नई वेबसाइट पर टिकट बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। इसमें पहले की तुलना में कम चरण होंगे, जिससे यात्री तेजी से टिकट बुक कर सकेंगे और बुकिंग का समय कम होगा।

यात्रियों की जानकारी रहेगी सुरक्षित

बार-बार ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नई वेबसाइट पर जानकारी सेव रखने की सुविधा दी जाएगी। इससे नाम, उम्र और अन्य जरूरी विवरण हर बार दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी और टिकट बुकिंग ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।

40 साल पुराने रिजर्वेशन सिस्टम को किया जा रहा अपग्रेड

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे करीब 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी आधुनिक तकनीक के अनुसार अपग्रेड कर रहा है। खास बात यह है कि यह काम टिकट बुकिंग सेवा को बंद किए बिना किया जा रहा है।

नया रिजर्वेशन सिस्टम तैयार होने के बाद इसे नई IRCTC वेबसाइट के साथ जोड़ा जाएगा। इससे वेबसाइट की स्पीड बढ़ने के साथ ही एक समय में अधिक संख्या में यात्री टिकट बुक कर सकेंगे।

RailOne ऐप पर भी रेलवे का फोकस

रेलवे अपने RailOne ऐप को भी लगातार मजबूत कर रहा है। रेल मंत्री के अनुसार इस ऐप को अब तक 4 करोड़ से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। यह ऐप टिकट बुकिंग के साथ रेलवे की कई अन्य सेवाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है।

इसके अलावा तत्काल टिकट बुकिंग में फर्जी बुकिंग और बॉट्स पर रोक लगाने के लिए रेलवे लगातार सुधार कर रहा है। रेलवे का कहना है कि इस दिशा में कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और सिस्टम को और सुरक्षित बनाने का काम जारी है।

छात्रों के सुझाव के बाद तैयार हुई नई वेबसाइट

नई IRCTC वेबसाइट को तैयार करने में छात्रों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों ने वेबसाइट के डेमो को देखकर अपनी राय दी थी। इसके बाद रेलवे ने वेबसाइट के डिजाइन और सुविधाओं में बदलाव करने का फैसला किया।

अब नई वेबसाइट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लॉन्च होने के बाद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आसान ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------