आगामी 25, 26 तथा 27 अप्रैल को जनपद में आयोजित होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की बैठक

गोण्डा 22 अप्रैल,2026। जनपद में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि होमगार्ड परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की निगरानी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा में कुल 5520 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से नियंत्रित किया जाए। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
जिलाधिकारी ने भरोसा जताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न होगी।
