अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर पराग फैक्ट्री, चक गंजरिया में श्रमिकों का सम्मान प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की आधारशिला हैं हमारे श्रमिक


लखनऊ: 01 मई, 2026 अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां प्रादेशिक कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन के चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तर
प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की आधारशिला हमारे श्रमिक ही हैं। बिना श्रमिकों के कोई भी अर्थव्यवस्था आगे बढ़ नहीं सकती। इस अवसर पर उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। श्री सिंह ने सभी के साथ बैठकर भोजन भी किया और पराग को परिवार की तरह मानकर प्रेम,सद्भाव और उत्साह के साथ कार्य करने की अपील भी श्रमिकों/कर्मचारियों से की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक एवं दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही उत्पादन में निरंतर वृद्धि संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि तथा प्रदेश की दुग्ध उत्पादन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का दायित्व हम सबका है।
श्री सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और श्रमिकों की दक्षता बढ़ाने से दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। ‘पराग’ ब्रांड ने प्रदेश में दुग्ध क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है और इसके उत्थान में यहां कार्यरत श्रमिकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। श्रमिकों के अथक परिश्रम से पराग उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि हुई है, जिससे प्रदेश के दुग्ध उत्पाद देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

श्री सिंह ने पराग प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि दुग्ध प्लांट पेशेवर तरीके से पूरी क्षमता के साथ चलाए जाएं। पराग उत्पादों की मार्केटिंग को सुदृढ़ किया जाए, गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो तथा नए उत्पाद शीघ्र बाजार में लाए जाएं। उन्होंने सख्त रूप से कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी की कार्यक्षमता एवं स्टाफ व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। सरकार की प्राथमिकता किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और उनके परिश्रम के बिना उत्पादन प्रणाली सशक्त नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि विभाग श्रमिकों के कौशल विकास, कार्यस्थल की बेहतर सुविधाओं तथा उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर पराग के प्रबंध निदेशक श्री वैभव श्रीवास्तव ने भी फैक्ट्री प्रबंधन एवं अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में श्री इन्द्रभूषण सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद तथा बृजलाल यादव आदि कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
