लाइफस्टाइल

सिर्फ AC ही नहीं! गर्मियों में घर के ये 5 गैजेट भी बन सकते हैं ‘आग का गोला’, छोटी लापरवाही पड़ सकती है भारी

नई दिल्ली। भीषण गर्मी (Extreme Heat) का असर सिर्फ लोगों की सेहत पर ही नहीं, बल्कि घर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों (electronic components) पर भी पड़ रहा है। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचते ही कई गैजेट्स ओवरहीट होने लगते हैं, जिससे उनमें आग लगने या ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ जाता है। आमतौर पर लोग केवल AC को लेकर सतर्क रहते हैं, लेकिन घर में मौजूद कई दूसरे उपकरण भी गर्मियों में खतरनाक साबित हो सकते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का सही इस्तेमाल और नियमित देखभाल न होने पर बड़ा हादसा हो सकता है। आइिए जानते हैं ऐसे 5 गैजेट्स के बारे में, जिन्हें गर्मियों में संभालकर इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है।

1- फ्रिज बना सकता है मुसीबत
गर्मी में फ्रिज लगातार चलता रहता है, जिससे उसका कंप्रेसर तेजी से गर्म होने लगता है। अगर फ्रिज दीवार से बिल्कुल सटाकर रखा गया हो तो पीछे से हवा नहीं निकल पाती और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है। इससे शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट जैसी स्थिति बन सकती है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि फ्रिज को दीवार से कम से कम 6 इंच दूर रखें और पीछे की कॉइल्स की सफाई समय-समय पर करते रहें।
2- स्मार्टफोन की बैटरी भी बन सकती है खतरा
तेज धूप और ज्यादा तापमान का सबसे ज्यादा असर स्मार्टफोन की लिथियम-आयन बैटरी पर पड़ता है। चार्जिंग के दौरान गेम खेलना, फोन को धूप में छोड़ देना या कार के डैशबोर्ड पर रखना खतरनाक साबित हो सकता है। इससे बैटरी फूल सकती है और आग लगने या ब्लास्ट का खतरा पैदा हो सकता है। हमेशा ओरिजिनल चार्जर का उपयोग करने और फोन को ठंडी जगह पर रखने की सलाह दी जाती है।

3- पावर बैंक को हल्के में न लें
आजकल हर घर में पावर बैंक इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन गर्मियों में यह भी जोखिम बढ़ा सकता है। लंबे समय तक गर्म जगह पर रखने से इसके अंदर मौजूद बैटरी ओवरहीट हो सकती है। खासकर सस्ते और लोकल पावर बैंक में शॉर्ट सर्किट की आशंका ज्यादा रहती है। इसलिए अच्छी गुणवत्ता वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें और इसे बंद गाड़ी या धूप वाली जगह पर न छोड़ें।

4- इन्वर्टर बैटरी से भी हो सकता है धमाका
बिजली कटौती के दौरान इन्वर्टर का इस्तेमाल बढ़ जाता है। चार्जिंग के समय बैटरी से गैस निकलती है और यदि पर्याप्त वेंटिलेशन न हो तो यह गैस खतरनाक साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन्वर्टर को हमेशा खुली और हवादार जगह पर रखें। साथ ही बैटरी के पानी का स्तर नियमित रूप से जांचते रहें।

5- लैपटॉप का ज्यादा गर्म होना खतरनाक
लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल करने पर लैपटॉप का प्रोसेसर और बैटरी काफी गर्म हो जाते हैं। कई लोग इसे बेड या तकिये पर रखकर इस्तेमाल करते हैं, जिससे एयर वेंट बंद हो जाते हैं और गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती। इससे डिवाइस ओवरहीट होकर खराब होने या आग पकड़ने का खतरा बढ़ जाता है। लैपटॉप को हमेशा सपाट और ठोस सतह पर इस्तेमाल करना सुरक्षित माना जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों से बचा सकती है। नियमित सर्विसिंग, सही चार्जिंग और पर्याप्त वेंटिलेशन इन डिवाइस को सुरक्षित बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------