राजाजीपुरम में शुरू हुआ RRR सेंटर, मेयर सुषमा खर्कवाल ने किया उद्घाटन; स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र में सोमवार को RRR सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का शुभारंभ लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल और क्षेत्रीय पार्षद गौरी सावरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का संकल्प दोहराया गया।

यह RRR सेंटर ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल’ की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। केंद्र के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, संसाधनों के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
RRR सेंटर केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां विभिन्न सामाजिक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
केंद्र में बच्चों के लिए प्रतियोगी कार्यक्रमों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष गतिविधियों और आयोजनों की भी योजना बनाई गई है। आयोजकों का कहना है कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच मिलेगा और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
किरण फाउंडेशन संभालेगा संचालन

इस केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी सहयोगी संस्था ‘किरण फाउंडेशन’ को सौंपी गई है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से श्रीमती चारुल चंद्रा ने मेयर सुषमा खर्कवाल और पार्षद गौरी सावरिया को सम्मान स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
इन गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद गौरी सावरिया, पूर्व पार्षद शिवपाल सावरिया, सेंट जोसेफ स्कूल के मैनेजर अनिल अग्रवाल, मंच संचालन कर रहे श्यामजीत सिंह, अभिषेक गुप्ता, निखिल उपाध्याय, राजवीर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष आलोक और मनीष सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहर को स्वच्छ, हरित और जागरूक बनाने के लिए सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी पर जोर दिया गया।
