मा0 जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में रात्रि चौपाल कार्यक्रम का किया गया आयोजन

बरेली, 14 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में 05 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे विकास, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण आधारित व्यापक जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत जनपद बरेली के विभिन्न विकास खण्डों में ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उक्त कार्यक्रम के अन्तर्गत विकास खण्ड भोजीपुरा की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर जाटान में मा0 सदस्य विधान परिषद एवं विकास खण्ड फतेहगंज पश्चिमी की ग्राम पंचायत मढ़ौली में मा0 विधायक मीरगंज डॉ0 डीसी वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मा0 विधायक/विधान परिषद सदस्य द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजनमानस की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान कराया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहने दिया जाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, स्वच्छता एवं पेयजल से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
माननीय ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान कराया जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विकास खण्ड के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
