श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का आयोजन, विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

गोंडा स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के विज्ञान संकाय में सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईक्यूएसी, उन्नत भारत अभियान और मेरा युवा भारत एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे और छात्र-छात्राओं को तकनीकी नवाचारों के महत्व से अवगत कराया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि 21वीं सदी में प्रौद्योगिकी नवाचार ने पूरी दुनिया की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज तकनीक हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और विकसित राष्ट्र की संकल्पना को साकार करने में प्रौद्योगिकी अहम भूमिका निभा रही है।
जैव प्रौद्योगिकी को मानवता की सेवा का बड़ा माध्यम बताया
मुख्य वक्ता वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष, उन्नत भारत अभियान की समन्वयक एवं जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक डॉ. रेखा शर्मा ने जैव प्रौद्योगिकी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों को मानवता की सेवा की दिशा में सबसे बड़ा प्रयास बताया। डॉ. शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक ने स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है और आने वाले समय में इसका महत्व और अधिक बढ़ेगा।
मेरा युवा भारत के समन्वयक विनय कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि सहयोगी कुंवर रामायण सिंह ने देश के विकास में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में कृषि संकाय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. स्मिता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

मॉडल प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा जैव प्रौद्योगिकी आधारित मॉडल भी प्रस्तुत किए गए। आयोजित मॉडल प्रतियोगिता में अनूपा यादव और सौम्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एहसास पांडे और महिमा सिंह द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि आंचल तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार आदित्य मिश्रा, निशा जायसवाल और मनोज कुमार को दिया गया।
सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण अभ्युदय सेवा समिति के सचिव अयोध्या प्रसाद मिश्रा और सारिका तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह, आनंद चतुर्वेदी, विंध्य साहू और मानसी पांडे ने भी अपने विचार साझा कर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
