Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

“माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” में महिलाओं की समस्याओं पर सख्त दिखीं आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

गोण्डा: देवीपाटन मण्डलायुक्त कार्यालय में आयोजित “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” महिला विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरुद्ध किए जाने, मारपीट, उत्पीड़न और पुलिस कार्रवाई में लापरवाही से जुड़े मामलों को अधिकारियों के सामने रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कुल 27 प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और हर मामले में पांच दिवस के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।

नाली विवाद में मारपीट का मामला पहुंचा जनसुनवाई में

ग्राम चौरी, थाना कोतवाली करनैलगंज निवासी अन्नपूर्णा पत्नी हनुमन्त लाल गुप्ता ने नाली विवाद को लेकर मारपीट और पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिनी ने बताया कि विपक्षियों ने नाली बंद कर दी और विरोध करने पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम को जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने और पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

फर्जी बैनामा और जमीन कब्जाने की शिकायत

थाना खोड़ारे क्षेत्र की निवासी जुगुना पत्नी स्वर्गीय रामलाल ने फर्जी बैनामा कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता के अनुसार विपक्षियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी।

इस मामले में आयुक्त ने अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गोण्डा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

50 साल पुराने रास्ते पर दीवार खड़ी करने का आरोप

ग्राम ठाकुर पुरवा, मौजा पिपरा पदुम निवासी रीचा सिंह पत्नी अजय सिंह ने करीब 50 वर्षों पुराने रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत रखी। प्रार्थिनी ने बताया कि विपक्षियों ने रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी है और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी दी जा रही है।

आयुक्त ने मामले में उपजिलाधिकारी सदर को जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आवागमन का एकमात्र रास्ता बंद होने से परेशानी

ग्राम पपरहवा, मौजा लोहराडांड़, तहसील तरबगंज निवासी लक्ष्मी पत्नी राम बहादुर ने शिकायत करते हुए बताया कि वर्षों पुराने आवागमन मार्ग को जोतकर बंद कर दिया गया है, जिससे उनके परिवार के सामने गंभीर आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है।

मामले में एसडीएम तरबगंज और बीडीओ वजीरगंज को जांच कर रास्ता खुलवाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

संपत्ति विवाद और धमकी का मामला भी पहुंचा आयुक्त के पास

नगर पंचायत कटरा बाजार निवासी नीलम जायसवाल पत्नी संतोष कुमार ने परिवार की संपत्ति पर अवैध कब्जे के प्रयास, उत्पीड़न और जानमाल की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि उनके बीमार पति के इलाज में भी बाधा उत्पन्न की जा रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक गोण्डा को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पांच दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश

जनसुनवाई के अंत में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में तय समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------