एसआरएमएस रिद्धिमा में बाल एवं युवा महोत्सव 2026 के अंतर्गत ‘रंगोदय वर्कशॉप एवं प्रतियोगिता’ का आयोजन

बरेली,19मई। बाल एवं युवा महोत्सव 2026 की श्रृंखला के अंतर्गत मंच एवं ललित कला केंद्र एसआरएमएस रिद्धिमा में ‘रंगोदय वर्कशॉप एवं प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन हुआ। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के 40 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। फाइन आर्ट गुरु सौरव रस्तोगी द्वारा संचालित वर्कशॉप में बच्चों को पेंटिंग की विभिन्न तकनीकों, रंगों के संयोजन एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों की बनाई पेंटिंग को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। आशीष अग्रवाल एवं सौरव रस्तोगी के निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, प्रस्तुति एवं रंग संयोजन के आधार पर पेंटिंग का मूल्यांकन किया और हार्टमैन कॉलेज की वंशिका कपूर की पेंटिंग को पहला स्थान दिया। दूसरे स्थान पर जीआरएम के अर्श प्रजापति की पेंटिंग और तीसरे स्थान पर नारायण ई टेक्नो स्कूल की काश्वी की पेंटिंग को चुना गया। निर्णायक मंडल ने हावी टाउन इंस्टीट्यूट की सृजना और एसआर इंटरनेशनल स्कूल के अमर अकरम की पेंटिंग को सांत्वना पुरस्कार दिया। संस्थान के चेयरमैन देव मूर्ति जी एवं ट्रस्ट सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति जी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए तथा बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। देव मूर्ति जी ने कहा कि रिद्धिमा सेंटर का उद्देश्य कला एवं कलाकारों को बढ़ावा देना है और संस्थान इस कार्य को बखूबी निभा रहा है। पेंटिंग कंपटीशन जैसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। आदित्य मूर्ति जी ने कहा कि बाल एवं युवा महोत्सव 2026 के अंतर्गत नृत्य, गायन, बैंड एवं थिएटर प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इसके अगली कड़ी में फोटोग्राफी वर्कशॉप एवं प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसके साथ ही इस महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा बनाई रंग-बिरंगी एवं आकर्षक पेंटिंग ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रस्टी आशा मूर्ति, उषा गुप्ता, ऋचा मूर्ति, डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. शैलेश सक्सेना, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. रीता शर्मा एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


