BBAU UG Admission 2026: 14 जुलाई से शुरू होंगे स्नातक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन, 27 पाठ्यक्रमों की 1528 सीटों पर मिलेगा दाखिला
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश विवरणिका जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार, 14 जुलाई 2026 से समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। सभी प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) की मेरिट के आधार पर किए जाएंगे।

27 स्नातक पाठ्यक्रमों में 1528 सीटों पर होगा प्रवेश
विश्वविद्यालय की एडमिशन सेल समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष 27 स्नातक पाठ्यक्रमों में कुल 1528 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें लखनऊ परिसर के 20 पाठ्यक्रमों में 958 सीटें और अमेठी सैटेलाइट परिसर के सात पाठ्यक्रमों में 570 सीटें शामिल हैं।
इन प्रमुख पाठ्यक्रमों में मिलेगा दाखिला
प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को बीए (ऑनर्स) पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, बीकॉम (ऑनर्स), बीबीए (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स), बीएससी, बीटेक सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। प्रवेश विवरणिका में पात्रता, सीटों की संख्या, शुल्क, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया गया है। आवेदन शुल्क और पंजीकरण से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
कुलपति ने विद्यार्थियों से किया आवेदन का आह्वान
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि बीबीएयू अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार और छात्र-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था के कारण देश के अग्रणी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए भी तैयार करना है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से प्रवेश विवरणिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर निर्धारित समय के भीतर समर्थ पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की।

NAAC A++ और NIRF में 37वीं रैंक हासिल
बीबीएयू को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से A++ ग्रेड प्राप्त है। वहीं राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) की विश्वविद्यालय श्रेणी में संस्थान को देशभर में 37वां स्थान मिला है। विषयवार रैंकिंग में विधि 12वें, फार्मेसी 23वें, हॉर्टिकल्चर 21वें और प्रबंधन 79वें स्थान पर है।
ग्रीन कैंपस और आधुनिक सुविधाएं हैं विश्वविद्यालय की पहचान
विश्वविद्यालय की प्रमुख विशेषताओं में ISO 14001:2015 प्रमाणित ग्रीन कैंपस, समृद्ध जैव विविधता, पंचकोश आधारित शिक्षण प्रणाली, हॉबी क्लब, “उम्मीद” होलिस्टिक वेलबीइंग पहल, विशिष्ट व्याख्यान श्रृंखला, उद्योग-अकादमिक सहयोग, समावेशी शिक्षण वातावरण और आधुनिक अधोसंरचना शामिल हैं, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराते हैं।
आवेदन से पहले आधिकारिक जानकारी जरूर देखें
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
