शाकंभरी देवी मंदिर में अचानक आई बाढ़ से मची अफरा-तफरी, मलबे और तेज बहाव में बह गईं कई गाड़ियां
सहारनपुर: सहारनपुर के शिवालिक क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शाकंभरी खोल नदी में अचानक तेज बहाव आने से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते पानी का स्तर तेजी से बढ़ा और श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाढ़ का पानी इतना तेज था कि कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइकें, क्रेन और जेनरेटर सहित दर्जनों वाहन बह गए। तेज बहाव के साथ आए मलबे से मंदिर परिसर और आसपास लगी कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

अचानक आई इस आपदा के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं के बहने की सूचना सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। इसके अलावा कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है। मौके पर बचाव टीमों को तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है।

बचाव अभियान जारी, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जा रहे लोग
राहत और बचाव दल नदी किनारे और मंदिर परिसर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क रहने और खतरे वाले क्षेत्रों से दूर हटने की चेतावनी दे रहे हैं।
मौके पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन पूरे इलाके की निगरानी कर रहा है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी लोगों को सुरक्षित नहीं निकाल लिया जाता।
