उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु व्यापक तैयारियाँ पूर्ण

बरेली, 29 मई।उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु जनपद बरेली में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन जिला समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नामित अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी जी द्वारा की गई। इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी श्री हरीश चन्द तथा विश्वविद्यालय नोडल केन्द्र के नोडल समन्वयक प्रो. एस.के. पाण्डेय जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन बुन्देलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा प्रदेश स्तर पर कराया जा रहा है। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि द्वारा परीक्षा से संबंधित समस्त प्रोटोकॉल, गोपनीय व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों एवं परीक्षा संचालन की सूक्ष्म प्रक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों की भूमिका को परीक्षा की पारदर्शिता एवं गरिमा बनाए रखने का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन का आह्वान किया।

अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अविनाश त्रिपाठी जी ने परीक्षा में नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रतिनिधियों एवं पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की मंशानुरूप परीक्षा का संचालन पूर्ण निष्पक्षता, शुचिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, निगरानी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएँ सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएँ।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी Dr. विनीता सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षिक अधिकारियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त परीक्षा से जुड़े समस्त पर्यवेक्षकगण (Observers), केंद्राध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।

जनपद बरेली में इस वर्ष कुल 5561 अभ्यर्थी 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें से 06 परीक्षा केंद्र महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में, 03 केंद्र बरेली नगर क्षेत्र में तथा 04 केंद्र फरीदपुर क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं।

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा केंद्र:
1.इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग। 2.मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग। 3. विधि विभाग । 4. एम.बी.ए. विभाग।5.फार्मेसी विभाग।6. परीक्षा भवन, एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय।
बरेली नगर स्थित परीक्षा केंद्र:- 7. राम भरोसे कन्या इंटर कॉलेज, बिहारीपुर ढाल, जिला पंचायत कार्यालय के निकट, बरेली। 8. गुरु गोविन्द सिंह इंटर कॉलेज, मॉडल टाउन, बरेली। 9. श्री विष्णु इंटर कॉलेज, माधोबाड़ी, नरकुलागंज, बरेली
फरीदपुर स्थित परीक्षा केंद्र:-
10.श्याम सुंदर कन्या इंटर कॉलेज – सेंटर A, एन.एच.-24 रोड, एस.बी.आई. बैंक के सामने, फरीदपुर, बरेली।
11.श्याम सुंदर कन्या इंटर कॉलेज – सेंटर B, एन.एच.-24 रोड, एस.बी.आई. बैंक के सामने, फरीदपुर, बरेली।
12.सी.ए.एस. इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड, फरीदपुर, बरेली।
13.चौधरी राजेश्वर सिंह किसान इंटर कॉलेज, फरीदपुर, बरेली।

परीक्षा दिनांक 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम प्रश्नपत्र प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्नपत्र अपराह्न 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक सम्पन्न होगा।

सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया जाता है कि वे प्रातः 08:00 बजे से अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रातः 09:30 बजे तक ही अनुमन्य होगा। विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की जाती है कि वे अपने प्रवेश पत्र में अंकित दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए समयबद्ध एवं अनुशासित रूप से परीक्षा में सम्मिलित हों।

बैठक के अंत में जिला समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार द्वारा उपस्थित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों, केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता एवं प्रशासनिक दक्षता के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु समन्वित एवं जिम्मेदारिपूर्ण ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------