जिलाधिकारी ने जनगणना सम्बन्धी कार्यों की प्रगति की करी समीक्षा


बरेली, 03 जून। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल जनगणना सम्बन्धी कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बरेली और नवाबगंज में एक-एक एच0एल0बी0 आरम्भ नहीं हो पायी हैं, उस पर भी कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जो छोटी एच0एल0बी0 हैं उन्हें 05 जून तक पूर्ण कर लिया जाये जैसे देवरनियां में 86 प्रतिशत कार्य हो चुका है उसे निश्चित समयावधि में शत प्रतिशत करायें।
बैठक में फतेहगंज पूर्वी, रिठौरा, मीरगंज आदि को 05 जून 2026 तक कार्य पूर्ण करने और अवशेष कार्य में गति लाने के साथ कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कार्य पूर्ण करने वाले प्रगणकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिये गये।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त चार्ज अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में मकान सूचीकरण ब्लॉक की गणना तेजी से कराते हुए दिनांक 12 जून 2026 तक पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये, जिससे कि गणना कार्य पूर्ण होने के उपरांत मकान सूचीकरण ब्लाक का सत्यापन/पुनरीक्षण तथा डाटा क्वालिटी का सत्यापन 20 जून 2026 से पूर्व संपन्न कराते हुये जनगणना-2027 के प्रथम चरण को संपादित किया जा सके। समस्त चार्ज अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वह प्रगणकों व सुपरवाइजरो द्वारा संपादित किये जा रहे जनगणना कार्य का नियमित रूप से निगरानी एवं सत्यापन करना सुनिश्चित करें तथा जनगणना कार्मिकों को जनगणना कार्य में आ रही समस्याओं का तत्काल निराकरण कराकर जनगणना कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करायें।
बैठक में नगर निगम के सुपरवाइजर नवनीत सिंह भदौरिया को उनके द्वारा समय से पूर्व अपने समस्त प्रगणकों द्वारा जनगणना कार्य पूर्ण कराने पर जिलाधिकारी व नगर आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार एस0आई0आर0 में कार्य हुआ वैसे ही जनगणना में भी समस्या से कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, बहेड़ी, नवाबगंज, आंवला, मीरगंज सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
