Wednesday, June 3, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बरेली जनपद में आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने तथा आपदा से सम्बन्धित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किये जाने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

बरेली, 03 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल जनपद में आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने तथा आपदा से सम्बन्धित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किये जाने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय स्तर लेखपालों का भी व्हाट्सएप ग्रुप बनाये जाने के निर्देश दिये, जिसकी सूचना व जानकारी निचले स्तर तक सभी को पहुंचे तथा जो अपने ग्रामों में स्थानीय लोगों को ग्रुप में जोड़े जैसे-कोटेदार, पुजारी/मौलवी, प्रधान, स्वास्थ्य कर्मी आदि जो ग्रामीणों को भी जागरूक करें और कम से कम ग्रुप में 30 लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पहले से राज्य स्तर पर, जिल स्तर व तहसील स्तर पर ग्रुप सक्रिय हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि आंधी-पानी में जो क्षति हुई है उसका आंकलन कर 24 घण्टे में राहत देना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने कहा कि विगत दिनों आये आंधी/पानी में पूरे प्रदेश में जान-माल का नुकसान हुआ था, उस प्रकार का नुकसान पुनः ना हो, इसके लिये यह समस्त प्रशिक्षण व तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी का जान-माल का नुकसान होता है तो संवेदनात्मक तरीके से 24 घंटे में क्षति पूर्ति अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहानि होने की स्थिति में सम्बंधित के घर जाकर उनकी परेशानियों को जाने और उन्हें अनुदान व राहत दें।
उन्होंने कहा कि आपदा मित्रों को प्रचार-प्रसार करने में किया जाए पूरा उपयोग, आगामी समय में लगने वाली ग्राम चौपालों में भी ग्रामीणों को आपदा से बचाव का भी एक विषय रखें और लोगों को जागरूक करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीआरएस में जो असंतुष्ट की श्रेणी में वापस हुए हैं उनका युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निस्तारण करायें।
बैठक में जानकारी दी गयी कि लाल चेतावनी (Red Alert) बांदा एवं आस-पास के क्षेत्र में भीषणतम लू की अत्यधिक संभावना।
 नारंगी चेतावनी (Orange Alert) चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, महोबा एवं झांसी संभाग।
 पीली चेतावनी (Yellow Warning) प्रतापगढ़, कानपुर, रायबरेली, ललितपुर तथा पूर्वी सीमावर्ती जिलों (वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली) में गरज-चमक/वज्रपात के साथ 40-50 किमी/घंटा की हवाएं।
उन्होंने कहा कि जनपद में बाढ़ आपदा से सुरक्षा, बचाव एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बाढ़ मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 09 जून 2026 को जनपद में टेबल टॉप एक्सरसाइज और 11 जून 2026 को मॉक एक्सरसाइज का भी आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों, पुलिस, पीएसी, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, सिंचाई विभाग, नागरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय आपदा मोचक बल, राज्य आपदा मोचक बल तथा अन्य संबद्ध एजेंसियों को मॉक एक्सरसाइज में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाओं से जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के लिए पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है। मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा के समय अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की समन्वित कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, बहेड़ी, नवाबगंज, आंवला, मीरगंज सहित समस्त सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।                    बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------