Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनपद में हुआ वृहद वृक्षारोपण

 

बरेली, 05 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 05 जून से 21 जून 2026 तक विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को समर्पित व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम के सम्बन्ध में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के अन्तर्गत केन्द्रीय विद्यालय रेलवे ग्राउण्ड, निकट रेलवे क्रासिंग इज्जतनगर में वृक्षारोपण किया।

जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता का संदेश देते हुए आम जनमानस से कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाये जाने की अपील की। उन्होंने आम जनमानस से कहा कि आइए प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वाह करें और एक हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।

जिलाधिकारी द्वारा एक पीपल का पौधा रोपित किया गया तथा उनके द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहरवासियों को शुभकामनाएं दी तथा मौके पर उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलायी गयी। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रेरित करता है।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने तथा पर्यावरण एवं पारिस्थितिकीय सन्तुलन बनाये रखने हेतु व्यापक जन सहभागिता के माध्यम से वृक्षारोपण कर हरित आवरण में वृद्धि करने हेतु प्रदेश सरकार के संकल्प के दृष्टिगत मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में सम्पूर्ण प्रदेश में 35.00 करोड़ पौधों के रोपण के निर्धारित है, जिसके क्रम में जनपद बरेली में वन विभाग द्वारा 200000 तथा अन्य 26 विभागों द्वारा 3399450 कुल 3599450 पौधों का रोपण माह जुलाई 2026 किया जायेगा। इसी क्रम में जनपद बरेली में वन विभाग द्वारा 7000 तथा अन्य विभागों (ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि ,उद्यान व नगर विकास विभाग) द्वारा 773000 पौधे कुल 780000 पौधों का रोपण आज किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, वरिष्ठ समाज सेवी अनिल सक्सेना द्वारा पौधारोपण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी द्वारा गुलमोहर का पौधा रोपित किया गया। जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोमपाल शर्मा जी द्वारा कनक चम्पा का पौधा रोपित किया गया। कवि रीतेश कुमार साहनी द्वारा ‘‘एक पेड़ सौ पुत्र समान‘‘ कविता का पाठ किया गया।

तत्पश्चात सूरजमुखी सरस्वती विद्या मंदिर दुर्गा नगर बरेली, केन्द्रीय विद्यालय बरेली व विभिन्न स्कूलों व गैर सरकारी संगठनों के बच्चो व आई.टी.बी.पी. के जवानों द्वारा पर्यावरण जन जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली में स्कूली बच्चों द्वारा रंग बिरंगे पर्यावरण संरक्षण के चित्र पहनकर पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

इसके साथ ही बरेली जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, नगर निगम, नगर पंचातयों, नगर पालिकाओं, ग्राम पंचायतों आदि में पौधारोपण किया गया।

प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भण्डारी द्वारा सभी अतिथियों को एक-एक पौधा भेंट स्वरूप दिया गया।

कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी आंवला विमल किशोर भारद्वाज, उप प्रभागीय वनाधिकारी बरेली संजीव जौहरी, क्षेत्रीय वनाधिकारी बरेली वैभव चौधरी, डा0 लाल बहादुर गंगवार, डा0 रवि प्रकाश शर्मा, डा0 प्रवीन कुमार ईको क्लब बरेली, आई.टी.बी.पी. के अधिकारियों व जवानों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------