Friday, June 5, 2026
लखनऊ

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश की पंचायतों में 12 लाख से अधिक पौधों का रोपण, 54 हजार से अधिक स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान

लखनऊ, 5 जून 2026- मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता संवर्धन एवं सतत विकास की मंशा के अनुरूप विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु” अभियान के अंतर्गत आज प्रदेश की ग्राम पंचायतों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश की पंचायतों में 12 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया।

अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रदेश की 54,234 स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें 2,33,176 लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, तालाबों एवं नदी तटों, पर्यटन स्थलों तथा पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों पर व्यापक साफ-सफाई एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पंचायतीराज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने प्रभारी जनपद अम्बेडकर नगर में वृक्षारोपण कर अभियान का नेतृत्व किया। वहीं पंचायतीराज निदेशालय, लखनऊ में निदेशक पंचायतीराज श्री अमित कुमार सिंह, मिशन निदेशक (स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण) श्रीमती गुंजन द्विवेदी तथा विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर पंचायतीराज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं हरित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

प्रमुख सचिव, पंचायतीराज विभाग श्री अनिल कुमार ने कहा, “प्रदेश की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाया जा रहा है। यह अभियान ग्राम स्तर पर सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

निदेशक पंचायतीराज श्री अमित कुमार सिंह ने कहा, “वृक्षारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों को पर्यावरणीय रूप से सशक्त और स्वच्छ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जनसहभागिता इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है।”

मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्रीमती गुंजन द्विवेदी ने कहा, “स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवहार को मजबूत करने के साथ-साथ हरित आवरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे सुरक्षित जलवायु और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।”

पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु” अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------