उत्तर प्रदेशराजनीति

‘बुलेट प्रूफ जैकेट मिली तो आपको दे दूंगा’, पत्रकार से बोले अखिलेश यादव; सुरक्षा को लेकर सरकार पर भी साधा निशाना

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को बुलेट प्रूफ जैकेट को लेकर बड़ा बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे जैकेट मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं मिली है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर जैकेट मिलती है तो वह उसे पत्रकार को दे देंगे। उनके इस बयान से संकेत मिला कि वह सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली जैकेट का इस्तेमाल करने के इच्छुक नहीं हैं।

44 नेताओं को दी जानी हैं बुलेट प्रूफ जैकेट

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती समेत 44 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से जैकेट खरीदी हैं। सरकार के 11 मंत्रियों को भी ये जैकेट उपलब्ध कराई जानी हैं।

जापानी बच्चों की योगी के साथ सेल्फी पर बोले अखिलेश

उत्तर प्रदेश आए जापान के 13 बच्चों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सेल्फी लेने वाले बच्चों ने शायद शोध नहीं किया होगा, वरना वे सेल्फी नहीं लेते। अखिलेश ने कहा कि उन्हें आगे इस तरह की गतिविधियों के लिए बहुत मौके मिलने वाले हैं।

इसी दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा के नाम का अपना नया विस्तार भी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मतलब ‘भाग जा पाकिस्तान’ है।

मेरठ के अधिकारी के व्यवहार पर उठाए सवाल

मेरठ में एक अधिकारी की ओर से अपने कार्यालय पहुंचे लोगों को फटकार लगाए जाने के मामले पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि कार्यालय पहुंचे लोग पीडीए समाज से थे और इसी वजह से अधिकारी ने उनसे इस तरह बात की। अखिलेश ने इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की बर्बरता हर जगह देखने को मिल रही है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

परिवारवाद के सवाल पर अखिलेश ने गिनाए फायदे

परिवारवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी यह भी सोचना चाहिए कि परिवारवाद से क्या लाभ होता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में सांसदों को तोड़े जाने की चर्चा सुनने में आ रही थी। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा चुनाव से पहले संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन देश की जनता ने मतदान के जरिए उसे हरा दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस दौरान समाजवादी पार्टी और राज्य की जनता की सबसे बड़ी भूमिका रही। अखिलेश ने कहा कि कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन समाजवादी पार्टी नहीं टूटी। उन्होंने बताया कि जब इस पर किसी ने उनसे कहा कि पार्टी में पांच सांसद एक ही परिवार से थे, इसलिए पार्टी नहीं टूटी, तो उन्होंने कहा कि इसके अलावा कई मुस्लिम सांसद और पक्के समाजवादी भी पार्टी में थे। उनके मुताबिक, ऐसे में संख्या बढ़ती चली गई और पार्टी को तोड़ना मुश्किल था।

सपा तोड़ने की कोशिश के सवाल पर क्या बोले

हालांकि, जब अखिलेश यादव से सीधे पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की गई थी, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हुआ।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------