Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (RGNAU), फुरसतगंज में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी मेजर (सेवानिवृत्त) डॉ. उदित रघुवंशी ने उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को रक्तदान के विभिन्न स्वास्थ्य लाभों तथा इसके सामाजिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जो अनेक लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
AIIMS रायबरेली के वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. आकर्षण गुप्ता ने रक्तदान से संबंधित भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी है, बल्कि यह स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने देश में रक्त की निरंतर आवश्यकता पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। उन्होंने सामूहिक रक्तदान के लिए सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारा यह योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने AIIMS रायबरेली एवं राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय के मध्य शोध, नवाचार तथा अकादमिक सहयोग को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
रक्तदान शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।

---------------------------------------------------------------------------------------------------