Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के प्रो. उपेन्द्र कुमार विश्व के शीर्ष 5% वैज्ञानिकों में शामिल

बरेली, 14जून।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता एवं पादप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. उपेन्द्र कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्हें SciRank Global Registry 2025 द्वारा विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों (World’s Top 5% Scientists) में स्थान प्रदान किया गया है।

यह सम्मान वैज्ञानिक शोध, प्रकाशनों, उद्धरणों (Citations) तथा अन्य महत्वपूर्ण बिब्लियोमेट्रिक मानकों के कठोर मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया है। SciRank Global द्वारा जारी आधिकारिक प्रमाणपत्र के अनुसार प्रो. कुमार को स्वतंत्र रूप से सत्यापित कर वर्ष 2025 की वैश्विक वैज्ञानिक रैंकिंग में शामिल किया गया है।

प्रो. उपेन्द्र कुमार गेहूँ सुधार, जैव संवर्धन (Biofortification), पोषण सुरक्षा तथा कृषि जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट अनुसंधान कार्यों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखते हैं। उनके शोध कार्यों ने कृषि एवं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने प्रो. कुमार को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय तथा प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विश्वविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

प्रो. उपेन्द्र कुमार ने इस सम्मान का श्रेय अपने सहकर्मियों, शोधार्थियों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्राप्त सहयोग को दिया और कहा कि यह उपलब्धि उन्हें कृषि अनुसंधान एवं समाजोपयोगी विज्ञान के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------