तेज बहाव में डूब रहे युवक के लिए फरिश्ता बने हेड कांस्टेबल, जान बचाने पर एसपी ने किया सम्मानित

गोण्डा: सरयू नहर के तेज बहाव में डूब रहे एक युवक की जान बचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले धानेपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पवन यादव को पुलिस अधीक्षक गोण्डा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। साहसिक कार्य के लिए उन्हें पुलिस विभाग की ओर से विशेष सराहना मिली है।

8 जुलाई 2026 को थाना धानेपुर क्षेत्र के अलावल देवरिया स्थित सरयू नहर में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही धानेपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक अज्ञात युवक नहर के तेज बहाव में बह रहा था। वह डूबता-उतराता हुआ मदद के लिए लगातार आवाज लगा रहा था और उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।
जान की परवाह किए बिना नहर में लगाई छलांग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना धानेपुर में तैनात हेड कांस्टेबल पवन यादव ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना सरयू नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। कठिन परिस्थितियों और भारी जोखिम के बावजूद उन्होंने बहते हुए युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ, त्वरित निर्णय क्षमता और साहस के चलते युवक की जान बच गई।
बचाए गए युवक की हुई पहचान

बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार, पुत्र स्वर्गीय नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने पर उसके चाचा बाबूलाल को मौके पर बुलाया गया। आवश्यक पूछताछ और विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला
हेड कांस्टेबल पवन यादव के इस साहसिक और सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना दिखाया गया उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय पुलिस बल के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायक उदाहरण है।
