असम में बारिश का कहर! रेलवे ट्रैक डूबा, रेल लाइन क्षतिग्रस्त; कई ट्रेनें रद्द, इन सेक्शनों पर सेवाएं अगले आदेश तक बंद
शिवसागर: असम के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने रेल यातायात को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। दिखो नदी का जलस्तर बढ़ने से तिनसुकिया डिवीजन के शिवसागर जिले स्थित शिमलगुड़ी शहर, रेलवे स्टेशन यार्ड और रेलवे कॉलोनी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शिमलगुड़ी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के ऊपर से पानी बहने के कारण रेल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए शिमलगुड़ी-नामतिआली और शिमलगुड़ी-सेलेंगहाट सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
लंबी दूरी की ट्रेनों का बदला गया मार्ग

रेलवे प्रशासन ने बताया कि डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से संचालित होने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। अब इन ट्रेनों का संचालन रंगिया-रंगापारा मार्ग से किया जा रहा है। वहीं कई स्थानीय ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
युद्धस्तर पर शुरू हुआ ट्रैक बहाली का काम
रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कर्मचारी और उपकरण भेज दिए गए हैं। रेलवे की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।
हालांकि, जलस्तर अभी भी अधिक होने के कारण यह स्पष्ट नहीं किया जा सकता कि रेल परिचालन कब तक बहाल हो पाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पानी कम होने के बाद ही ट्रैक को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।
यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित ट्रेनों के यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे की ओर से भोजन के पैकेट, पीने का पानी और टिकट रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, ताकि यात्रियों को आवश्यक सहायता मिल सके।
नामतिआली से यात्रियों को शिवसागर टाउन रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के लिए एएसटीसी बसों और स्थानीय वाहनों की व्यवस्था की गई है। वहीं शिवसागर टाउन स्टेशन से डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है।
सैकड़ों यात्रियों को सड़क मार्ग से पहुंचाया जा रहा
सेलेंगहाट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 22503 विवेक एक्सप्रेस से उतरे 217 यात्रियों को सड़क मार्ग से मारियानी पहुंचाया जा रहा है। वहीं मारियानी में ट्रेन संख्या 15959 कामरूप एक्सप्रेस के 570 यात्रियों और ट्रेन संख्या 15934 अमृतसर-तिनसुकिया एक्सप्रेस के 490 यात्रियों की सहायता की जा रही है, ताकि उनकी आगे की यात्रा सुचारु रूप से जारी रह सके।
