SGPGI में मनाया गया 10वां नेशनल एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट दिवस, विशेषज्ञों ने टेक्नोलॉजिस्ट की भूमिका को बताया स्वास्थ्य सेवा की रीढ़

लखनऊ: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एनेस्थीसिया विभाग में रविवार, 20 जुलाई 2026 को एसोसिएशन ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट उत्तर प्रदेश की ओर से 10वें नेशनल एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनेस्थीसिया विभाग के प्रोफेसर संदीप साहू, प्रोफेसर सुजीत कुमार गौतम और कॉलेज ऑफ मेडिकल टेक्नोलॉजी के कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रतीक सिंह बैस सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।

सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट की भूमिका और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
मरीज की सुरक्षा और सफल सर्जरी में टेक्नोलॉजिस्ट की अहम भूमिका: प्रो. संदीप साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोफेसर संदीप साहू ने एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीज की सुरक्षा और किसी भी सर्जरी की सफलता काफी हद तक प्रशिक्षित टेक्नोलॉजिस्ट के कुशल योगदान पर निर्भर करती है। उनके अनुसार, एनेस्थीसिया और ओटी टेक्नोलॉजिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के ऐसे अनदेखे लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण योद्धा हैं, जो हर सफल ऑपरेशन के पीछे अहम भूमिका निभाते हैं।
छात्रों को सीपीआर, आईवी कैनुलेशन और इंट्यूबेशन का दिया गया प्रशिक्षण

कार्यक्रम के तहत छात्रों के लिए एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें विभाग के संकाय सदस्य प्रोफेसर अमित रस्तोगी, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, डॉ. रुचि वर्मा, डॉ. प्रतीक सिंह बैस और डॉ. सुमित सचान ने छात्रों को सीपीआर, आईवी कैनुलेशन और इंट्यूबेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कई वरिष्ठ टेक्नोलॉजिस्ट और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मेडिटेक एसोसिएशन के राकेश कुमार निगम, सरोज वर्मा, महासंघ के अध्यक्ष धर्मेश कुमार, एनेस्थीसिया एसोसिएशन के किशोर कुमार कॉल, चंद्रेश कुमार कश्यप, धीरज सिंह तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ टेक्नोलॉजिस्ट संजय कुमार द्विवेदी, अभय कुमार झा समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान से जोड़ा गया कार्यक्रम
कार्यक्रम के आयोजक चंद्रेश कुमार कश्यप और धीरज सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री के ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान और प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान को समर्थन देते हुए कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों को उपहार स्वरूप एक-एक पौधा वितरित किया गया।
