Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

ऑटो में जा रही महिला से झपटी थी सोने की माला, 4 दिन में पुलिस ने दबोचा शातिर; वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद

गोण्डा: गोंडा जिले की कोतवाली देहात पुलिस ने महिला से चेन और मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और 8,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।

ऑटो से घर लौट रही महिला को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को दरियापुर चौबे निवासी ज्योति गुप्ता अपने भतीजे गुड्डू के साथ ऑटो रिक्शा से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे जब ऑटो झिंगुर पुरवा मोड़ के पास पहुंचा, तभी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और गले में पहनी सोने के लॉकेट वाली माला झपटकर फरार हो गए।

इसी दौरान आरोपियों ने तुलसीपुर निवासी शीला देवी का मोबाइल फोन भी छीन लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला वारदात का राज

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल उवैस पुत्र हसन अहमद निवासी मोहल्ला मेवातियान, थाना कोतवाली नगर, गोंडा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से बाइक और नकदी बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल और 8,700 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।

अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक और क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली देहात पुलिस ने की।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------