एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली के छात्र सुभाष बुड़िया चौधरी ने विश्व वुडबॉल चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

बरेली,20 जुलाई।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू), बरेली के योग विज्ञान विभाग के छात्र सुभाष बुड़िया चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और अपने विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। सुभाष, जो मूलतः राजस्थान के बीकानेर जिले के श्री डूंगरगढ़ स्थित गांव गोपालसर के निवासी हैं, ने थाईलैंड के चियांग माई में 4 से 9 जुलाई तक आयोजित वुडबॉल विश्व विश्वविद्यालय चैंपियनशिप एवं थाईलैंड ओपन अंतरराष्ट्रीय वुडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

सुभाष बुड़िया चौधरी ने अपने साथी बंशी लाल के साथ स्ट्रोक डबल्स (Stroke Doubles) स्पर्धा में कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल करके देश, राजस्थान और अपने विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया । इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, चीन, कोरिया, ताइवान, हांगकांग, मकाऊ, थाईलैंड, पाकिस्तान, मलेशिया और इंडोनेशिया सहित दस देशों की विश्वविद्यालयी टीमों ने भाग लिया ।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के बढ़ते खेल मानकों का प्रमाण है और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा:

“सुभाष बुड़िया चौधरी और बंशी लाल की यह उपलब्धि एमजेपीआरयू के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांस्य पदक जीतना न केवल उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि हमारे विश्वविद्यालय की खेलों को बढ़ावा देने वाली नीतियों की सफलता का भी प्रतीक है। हमारा संकल्प ‘चरैवेति, चरैवेति’ (निरंतर आगे बढ़ना) है, और हम अपने छात्रों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते रहेंगे । मैं सुभाष को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह एवं नियंत्रक परीक्षा डॉ. अनिल कुमार यादव ने भी विजेता छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और खेलकूद क्षेत्रों में बढ़ते कदमों को दर्शाती है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
