कांवड़ यात्रा के चलते बड़ा फैसला! बरेली में सावन के हर सोमवार छात्रों की छुट्टी, डीएम का आदेश जारी
बरेली: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सावन माह के प्रत्येक सोमवार को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। हालांकि शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को विद्यालयों में उपस्थित रहकर प्रशासनिक एवं शासकीय कार्य करना होगा।
जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था बरेली जिले के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित स्कूलों पर लागू होगी। इसके अलावा दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर दायरे में स्थित सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बोर्ड, विश्वविद्यालय, कॉलेज या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। इनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला छात्रों की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
हर सोमवार के लिए अलग माइक्रो प्लान तैयार
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया है। सावन के चारों सोमवार को सातों नाथ मंदिरों में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कार्ययोजना बनाई गई है।
प्रशासन ने पूरे जिले को तीन सुपर जोन, नौ जोन, 28 सेक्टर और 104 सब-सेक्टर में विभाजित किया है। यात्रा के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। यातायात संचालन के लिए इंटर डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा डिस्ट्रिक्ट रूट मैप के आधार पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके अलावा आठ ड्रोन कैमरों से कांवड़ियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और कंट्रोल रूम को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।
विशेष रूट डायवर्जन लागू
कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के पहले सोमवार को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

पुराने बस अड्डे से संचालित रोडवेज बसों को अयूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, बियावान कोठी, मालियों की पुलिया और सेटेलाइट होते हुए बड़े बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। दिल्ली, लखनऊ, आगरा और बदायूं जाने वाली बसों का संचालन भी वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा। वहीं लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को शाहजहांपुर के जलालाबाद से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते मुरादाबाद-हापुड़ मार्ग से भेजा जाएगा। बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
कांवड़ यात्रा और उर्स को लेकर पुलिस अलर्ट
कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रजवी को देखते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक ने सीओ सिटी आशुतोष शिवम के साथ शहर के विभिन्न थानों में बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। थाना प्रभारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और वाहन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर के लिए 32 अतिरिक्त बसें
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर परिवहन निगम ने हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर 32 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। वहीं बदायूं रोड पर कांवड़ियों की अधिक आवाजाही के कारण इस मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। बरेली से बदायूं जाने वाली बसें फतेहगंज पूर्वी, खेड़ा बझेड़ा और दातागंज होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
