जातिवाद और जिन्नावाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे, सरदार पटेल की जयंती पर CM योगी का बड़ा बयान
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद समाज को कमजोर करने वाली बीमारियां हैं। जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटने से देश की एकता प्रभावित होती है और बाहरी ताकतों को हमला करने का मौका मिलता है। जिन्ना को आदर्श मानने वाले और समाज को बांटने का प्रयास करने वाले लोग सरदार वल्लभ भाई पटेल के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते। सरदार पटेल का अनुयायी वही है, जो देश की एकता और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखता है। मुख्यमंत्री शनिवार को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर लखनऊ के जीपीओ स्थित उनकी प्रतिमा पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लोगों को एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल को भारत गणराज्य का शिल्पी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी नेता बताया।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ, एकता दौड़ और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास किया जाता है। पिछले साल सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भी सरकार ने कई कार्यक्रम आयोजित किए थे।
हर जिले में बनेगा रोजगार और औद्योगिक क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की स्मृतियों को जीवंत रखने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के हर जिले में रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।
सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों का भारतीय गणराज्य में विलय कराया था। जूनागढ़ और हैदराबाद के शासकों की आनाकानी के बावजूद सरदार पटेल के दृढ़ नेतृत्व के कारण इन रियासतों का भारत में विलय संभव हो सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर लौहपुरुष की स्मृतियों को वैश्विक पहचान दिलाई है।
कांग्रेस और नेहरू पर साधा निशाना, अनुच्छेद-370 का उठाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू ने कश्मीर का मामला अपने पास रखा और अनुच्छेद-370 लागू करके बड़ी गलती की।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार किया। अब देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान की व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के सामने चुनौतियां खड़ी करने और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे प्रयासों का सभी को मिलकर मुकाबला करना होगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
