Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा मेरी माँ’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

बरेली,21जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के 24वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी तथा माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में ‘मेरी माँ’ विषय पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज  इटौवा बेनीराम गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में ‘मेरी माँ’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी चित्रकला के माध्यम से माँ के प्रति प्रेम, सम्मान, ममता, त्याग और समर्पण की भावनाओं को अत्यंत भावपूर्ण एवं रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए माँ के विविध रूपों को अपने चित्रों में जीवंत किया। उनके चित्रों में माँ के प्रति उनके प्रेम, आत्मीय लगाव और व्यक्तिगत अनुभूतियों की सुंदर झलक देखने को मिली।
चित्रकला प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मातृ सम्मान, पारिवारिक एवं नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता, सृजनात्मकता तथा भारतीय सांस्कृतिक आदर्शों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि माँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की प्रथम गुरु, मार्गदर्शक और सबसे बड़ी प्रेरणास्रोत होती हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह  जी ने कहा कि चित्रकला भावनाओं और अनुभूतियों की सहज और सशक्त अभिव्यक्ति है। ‘मेरी माँ’ विषय पर विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में माँ के प्रति उनके निश्छल प्रेम, स्नेह, सम्मान और आत्मीयता की भावपूर्ण अभिव्यक्ति दिखाई देती है। बच्चों ने अपनी कल्पना और अनुभवों के आधार पर चित्रों में माँ के उस रूप को उकेरा है, जो उनके जीवन में प्रेम, सुरक्षा, त्याग और प्रेरणा का स्रोत है। इन चित्रों में केवल कलात्मक प्रतिभा ही नहीं, बल्कि बच्चों के हृदय में अपनी माँ के प्रति गहरे भावनात्मक जुड़ाव और आत्मीय अनुभूति भी दिखाई देती है। ऐसी गतिविधियाँ बच्चों को अपनी भावनाओं को पहचानने और उन्हें रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने, संवेदनशील और भावात्मक विकास के अवसर प्रदान करती हैं ।
सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि इटौवा बेनीराम के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्राचार्य और शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों ने सहभागिता की और चित्रकृतियों में माँ के प्रति श्रद्धा, प्रेम, ममता और त्याग की भावनाएँ दिखने का प्रयास किया जो अत्यंत सराहनीय और भावस्पर्शी है। इस प्रकार के विषय मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, समन्वयक प्रो. संजय गर्ग, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय,सांस्कृतिक समिति के सदस्यों, प्राचार्य श्री मति रागिनी पाण्डेय, एवं शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रतियोगिता में रोली, निशा, महिमा, स्मृति, आकांक्षा, छाया, रोशनी आदि ने भाग लिया

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------