विदेश

ईरान का बड़ा दावा- कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला, रडार-ड्रोन हैंगर तबाह करने का किया दावा

तेहरान: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और ईरानी सेना ने गुरुवार को कुवैत और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई करने का दावा किया है। ईरान का कहना है कि यह हमला अमेरिका की ओर से उसके खिलाफ लगातार की जा रही सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

IRGC का दावा- जॉर्डन में अमेरिकी रडार और मिसाइल सिस्टम निशाने पर

ईरान के सरकारी प्रसारक के अनुसार, IRGC ने बयान जारी कर दावा किया कि जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर किए गए हमलों में अमेरिकी THAAD मिसाइल रक्षा प्रणाली के रडार को नष्ट कर दिया गया। संगठन ने यह भी कहा कि कार्रवाई में पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली, C-RAM रडार और अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मौजूद ईंधन टैंक भी निशाना बने। इसके अलावा हेलीकॉप्टर उपकरणों के गोदाम और मरम्मत एवं रखरखाव केंद्र को भी क्षति पहुंचाने का दावा किया गया।

‘ऑपरेशन लाइटनिंग’ के तहत कुवैत में तीन अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा

ईरानी सेना ने ‘ऑपरेशन लाइटनिंग’ के 23वें चरण की घोषणा करते हुए दावा किया कि उसने ड्रोन हमलों के जरिए कुवैत में स्थित अमेरिका के तीन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। सेना के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, दोहा बेस के गोला-बारूद और रसद डिपो, अली अल सलेम बेस के ईंधन टैंक तथा अरिफजान कैंप के गोला-बारूद डिपो पर हमले किए गए।

ईरानी सेना ने अपने बयान में कहा कि देश के खिलाफ जारी अमेरिकी आक्रामकता के जवाब में यह कार्रवाई की गई है और शक्तिशाली ड्रोन के जरिए अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।

कुवैत में MQ-9 ड्रोन हैंगर और सैन्य सुविधाएं नष्ट करने का भी दावा

IRGC ने एक अन्य बयान में दावा किया कि कुवैत के अली अल सलेम एयर बेस पर अमेरिकी सैन्य सुविधाओं को भी निशाना बनाया गया। संगठन के अनुसार, इस कार्रवाई में सैन्य उपकरणों का गोदाम, पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली और MQ-9 ड्रोन के हैंगर को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा अमेरिकी सैनिकों के आवास, अल-अदीरी बैरक स्थित हेलीकॉप्टर हैंगर और कम्युनिकेशन हैंगर को भी निशाना बनाने का दावा किया गया।

जॉर्डन और कुवैत की संप्रभुता का सम्मान करने की बात कही

IRGC ने अपने बयानों में कहा कि ईरान जॉर्डन और कुवैत की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करता है। संगठन का दावा है कि उसकी कार्रवाई केवल अमेरिकी सैन्य ठिकानों के खिलाफ थी। साथ ही यह आरोप लगाया कि इन देशों में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी ही उनकी संप्रभुता का उल्लंघन है।

दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं

ईरान की ओर से किए गए इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अमेरिका, कुवैत या जॉर्डन की ओर से भी इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------