मुजफ्फरपुर में नकली सिगरेट का बड़ा खेल बेनकाब! ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर चल रही फैक्ट्री पर छापा, 5 करोड़ की मशीनें जब्त
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सिगरेट बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। तुर्की थाना क्षेत्र के लक्की नंदलालपुर गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये की तैयार नकली सिगरेट, भारी मात्रा में कच्चा माल और करीब पांच करोड़ रुपये की अत्याधुनिक मशीनें जब्त की गई हैं।
एक महीने की निगरानी के बाद हुई कार्रवाई

यह संयुक्त कार्रवाई पश्चिम-2 के एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी और तुर्की थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, संबंधित कंपनी की इंटेलिजेंस टीम पिछले एक महीने से फैक्ट्री की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद संयुक्त रूप से छापेमारी की गई।
25 लाख की नकली ‘गोल्ड फ्लैक’ सिगरेट बरामद
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री और उससे जुड़े दो गोदामों से करीब 25 लाख रुपये मूल्य की ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड के नाम पर तैयार की गई नकली सिगरेट बरामद की गई। इसके अलावा अन्य कंपनियों के नाम पर बनाई गई करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट भी जब्त की गई।
5 करोड़ की मशीनें, वाहन और उपकरण भी मिले
पुलिस ने फैक्ट्री में लगी करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य की मेड इन वियतनाम सिगरेट निर्माण मशीनें भी जब्त की हैं। इसके अलावा एक टाटा मैजिक, एक मालवाहक ऑटो, करीब सात मोटरसाइकिल और सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
छापेमारी की भनक लगते ही फरार हुए मजदूर

पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जब्त किए गए सामान का विवरण तैयार किया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पश्चिम-2 के एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि फैक्ट्री में एक नामी ब्रांड के नाम और उसके कॉपीराइट का अवैध इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बनाई जा रही थी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कंपनी की लीगल टीम ने भी किया निरीक्षण
छापेमारी के बाद संबंधित कंपनी की अधिकृत कानूनी टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट कंपनी मुख्यालय भेज दी गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कॉपीराइट का उल्लंघन कर नकली उत्पाद बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
