Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एसआरएमएस रिद्धिमा में इंस्ट्रूमेंटल कार्यक्रम रेनबो-2 का आयोजन

 

 

बरेली, 27 जुलाई। एसआरएमएस रिद्धिमा में कल रविवार शाम इंस्ट्रूमेंट्ल कार्यक्रम रेनबो-2 का आयोजन हुआ। इसमें रिद्धिमा के वाद्य यंत्र गुरुजनों ने अपने वाद्ययंत्रों के साथ विभिन्न रागों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गायन गुरुओं ने भी बखूबी उनका साथ दिया। कार्यक्रम का आरंभ राग यमन के फ्यूजन में कैलाश की गूंज से हुआ। इसमें वाद्य यंत्र गुरुओं सूर्यकांत चौधरी (वायलिन), दीपकांत जौहरी और अमर नाथ (तबला), ऋषभ आशीष पाठक (पखावज), सीमा (सितार), पवन भारद्वाज (हारमोनियम), अनुग्रह सिंह (ड्रम), विशेष सिंह (ड्रम्स), डेरिक अमन जेम्स (कीबोर्ड), रोई फिलिप्स (सेक्सोफोन), सुरेंद्र (परकसन) और जनार्दन (बांसुरी) ने भगवान शिव के पावन आवाहन पर आधारित संगीत प्रस्तुति में शिव की महिमा, उनकी करुणा और उनकी दिव्य उपस्थिति का भावपूर्ण आह्वान किया। इसमें अपने स्वरों के जरिए गायन गुरु प्रियंका ग्वाल और सात्विक मिश्रा ने साथ दिया। अगली प्रस्तुति ‘द गोल्डन नोट्स’ में वाद्य यंत्र गुरुओं ने वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सुरों के संगम के साथ ही समर्पण, तालमेल और कला की उत्कृष्ट अभिव्यक्ति दी। इसके बाद ‘द चैंपियंस एंथम मेडले’ में दुनिया भर के प्रसिद्ध प्रेरणादायक और जोश से भर देने वाले एंथम्स की धुनों की अद्भुत प्रस्तुति दी। अंतिम प्रस्तुति भक्ति और शक्ति का संगम ‘द स्पार्क ऑफ लॉर्ड शिवा’ में डमरू की गूंज, तांडव की ताकत और शांति का संदेश दिया। इसमें गायन गुरुओं ने भी अलाप को अपनी आवाज देकर संगत की। कार्यक्रम का संचालन दीपाली सक्सेना ने किया। इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी, आदित्य मूर्ति जी, आशा मूर्ति जी, ऋचा मूर्ति जी, देविशा मूर्ति जी, उषा गुप्ता, डा.रजनी अग्रवाल, सुभाष मेहरा, डा.एमएस बुटोला, डा.प्रभाकर गुप्ता, डा.अनुज कुमार, डा.शैलेश सक्सेना, डा.रीता शर्मा सहित शहर के गणमान्य संगीत प्रेमी मौजूद रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------