Friday, July 31, 2026
Latest:
Top Newsविदेश

मिडिल ईस्ट युद्ध का असर: संसद में सरकार का खुलासा, 10 नाविक समेत 16 भारतीयों की मौत, 75 घायल

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच केंद्र सरकार ने संसद में भारतीय नागरिकों को लेकर अहम जानकारी दी है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में बताया कि इस वर्ष मिडिल ईस्ट में युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 10 भारतीय नाविक शामिल हैं। इसके अलावा 75 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। यह जानकारी उन्होंने राज्यसभा में सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

सरकार के अनुसार, मृतकों में सऊदी अरब में एक, कुवैत में दो, ओमान में आठ, इराक में एक और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में चार भारतीय नागरिक शामिल हैं। वहीं घायलों में यूएई में 32, ओमान में 24, कतर में चार, कुवैत में 13, सऊदी अरब में एक और इजरायल में एक भारतीय नागरिक शामिल है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि कतर के रास लफान गैस संयंत्र में हुई एक अलग दुर्घटना में 12 भारतीयों की मौत हुई थी, लेकिन उसका सीधा संबंध मिडिल ईस्ट में जारी हमलों से नहीं था।

मृत नाविकों के परिजनों को मिलती है आर्थिक सहायता

विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में जान गंवाने वाले भारतीय नाविकों के परिवारों को डीजीएमए वेलफेयर योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अलावा यूनियन से जुड़े नाविकों के लिए अतिरिक्त मुआवजे का भी प्रावधान है। अधिकारियों को 12 लाख रुपये तक और क्रू सदस्यों को 10 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

ईरान से 2,557 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि फरवरी 2026 से अब तक भारतीय दूतावास ने ईरान से 2,557 भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते सुरक्षित निकाला है। सरकार के अनुमान के अनुसार, ईरान में अभी भी करीब 7,000 भारतीय मौजूद हैं, जिनमें छात्र, मजदूर और मछुआरे शामिल हैं।

दुबई के ईरानी अस्पताल के कर्मचारियों को वीजा संकट

सरकार ने बताया कि दुबई स्थित ईरानी अस्पताल के 130 से अधिक भारतीय कर्मचारियों, विशेष रूप से केरल के स्वास्थ्यकर्मियों, को वीजा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा अस्पताल बंद किए जाने के बाद यह स्थिति बनी है। भारत सरकार ने इस मुद्दे को राजनयिक स्तर पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया है।

अमेरिका में गिरफ्तार भारतीयों की जानकारी मांगी

विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि अमेरिका में मई 2026 के दौरान चलाए गए ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें 36 ट्रक चालक थे और 30 भारतीय नागरिक बताए गए हैं। सरकार ने अमेरिकी प्रशासन से इन भारतीयों के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------