राज्य

दिल्ली कैंट में BMW की रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रही महिला को कुचला; मौत के बाद भड़का लोगों का गुस्सा

नई दिल्ली: दिल्ली कैंट इलाके में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार BMW कार की चपेट में आने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। परिजनों के मुताबिक, महिला घायल हालत में सड़क पर पड़ी रही। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया और एनएसजी रेड लाइट से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टी-3 टर्मिनल तक का मार्ग कुछ समय के लिए बंद कर दिया।

मृतका की पहचान जयवंती के रूप में हुई है। वह मेहराम नगर ईस्ट में परिवार के साथ रहती थीं और घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती थीं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली कैंट थाना पुलिस को सड़क दुर्घटना की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो जानकारी मिली कि घायल महिला को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया है। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सड़क पार करते समय BMW ने मारी टक्कर
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, हादसे के समय जयवंती सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक प्रताप नगर, मंडोली का रहने वाला बताया गया है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह एयरपोर्ट से लौट रहा था, तभी हादसा हुआ।

हादसे के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों ने मदद की। परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद महिला को सड़क पर तड़पता छोड़ चालक वहां से चला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

प्रदर्शन के कारण एयरपोर्ट मार्ग हुआ बंद
हादसे की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते एनएसजी रेड लाइट से टी-3 टर्मिनल के बीच का रास्ता बंद हो गया। इससे एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और आरोपी की गिरफ्तारी तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और सड़क पर यातायात बहाल किया गया।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस के मुताबिक, मेहराम नगर में पुलिस कॉलोनी के सामने हादसे के बाद सड़क पर लोगों के जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी। महिपालपुर से टी-3 की ओर जाने वाले वाहन चालकों को महिपालपुर स्थित एनएच-48 कट से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई।

पति की मौत के बाद परिवार की अकेली कमाने वाली थीं जयवंती
परिजनों के मुताबिक, जयवंती के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपने तीन बेटियों और एक बेटे के परिवार की अकेली कमाने वाली सदस्य थीं। घरों में काम करके मिलने वाली उनकी आय से परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई चलती थी। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

परिवार ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता तथा मृतका के बेटे को सरकारी नौकरी देने की भी गुहार लगाई है।

दिल्ली में इससे पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
दिल्ली में तेज रफ्तार लग्जरी कार से महिला को कुचलने का यह मामला कुछ दिन में सामने आया दूसरा हादसा है। इससे पहले शनिवार सुबह नरेला में भी तेज रफ्तार लग्जरी कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हुई थी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------