दफ्तरों में फिर लौटी नौकरियों की रफ्तार, अगस्त में भर्तियों में 14% का उछाल; इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा मौके
नई दिल्ली: भारत में कार्यालय आधारित नौकरियों के बाजार में अगस्त महीने में तेजी देखने को मिली है। पिछले साल के अगस्त की तुलना में इस साल भर्तियों में 14 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वाहन, स्वास्थ्य सेवा और खुदरा जैसे क्षेत्रों ने इस वृद्धि में अहम भूमिका निभाई। नौकरी डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, कुल नौकरी जॉबस्पीक सूचकांक पिछले साल अगस्त के 2,664 से बढ़कर इस साल 3,028 पर पहुंच गया। यह सूचकांक देश में कार्यालय आधारित नौकरियों और भर्ती गतिविधियों की स्थिति को दर्शाता है।
ऑटो से स्वास्थ्य और रिटेल तक, इन क्षेत्रों में बढ़ी भर्ती

रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन क्षेत्र में नियुक्तियों में सालाना आधार पर 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में 16 फीसदी और खुदरा क्षेत्र में 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। बीमा क्षेत्र में भर्ती 12 फीसदी बढ़ी, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 11 फीसदी का इजाफा हुआ।
बैंकिंग और दैनिक उपभोग की वस्तुओं से जुड़े क्षेत्रों में भर्ती 10-10 फीसदी बढ़ी। वहीं, बीपीओ और आईटीईएस, तेल एवं गैस तथा रियल एस्टेट क्षेत्रों में नियुक्तियों में 8-8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दवा और जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भर्ती का स्तर स्थिर रहा। दूसरी ओर, आतिथ्य एवं यात्रा क्षेत्र में नियुक्तियां 4 फीसदी कम हुईं, जबकि शिक्षा क्षेत्र में भर्ती में 8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
त्योहारी सीजन का कैलेंडर भी रहा अहम कारक
रिपोर्ट में अगस्त में दर्ज 14 फीसदी की वृद्धि को त्योहारी सीजन के समय के संदर्भ में देखने की बात कही गई है। पिछले साल त्योहारी अवधि का बड़ा हिस्सा अगस्त में था, जबकि इस साल त्योहारों का बड़ा हिस्सा सितंबर में आया है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इन्फो एज इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हितेश ओबेरॉय ने कहा कि त्योहारी तिमाही के आगे बढ़ने के साथ भर्ती के वास्तविक रुझान की तस्वीर और स्पष्ट होगी। नौकरी डॉट कॉम, इन्फो एज का प्रमुख ब्रांड है।
नए स्नातकों के लिए भी बढ़े नौकरी के अवसर
रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग अनुभव स्तर वाले उम्मीदवारों के लिए भर्ती में बढ़ोतरी दर्ज की गई। नए स्नातकों की नियुक्तियों में सालाना आधार पर 15 फीसदी का इजाफा हुआ। वहीं, चार से सात वर्ष के अनुभव वाले उम्मीदवारों की भर्ती 10 फीसदी बढ़ी।
मध्यम और वरिष्ठ अनुभव वाले वर्गों में भी भर्ती का प्रदर्शन मजबूत रहा। आठ से 12 वर्ष के अनुभव वाले पेशेवरों के लिए नियुक्तियों में 16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। 13 से 16 वर्ष के अनुभव वाले उम्मीदवारों की भर्ती 18 फीसदी बढ़ी, जबकि 16 वर्ष से अधिक अनुभव रखने वाले लोगों के लिए इसमें 13 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया।

