Thursday, September 10, 2026
Latest:
राज्य

हारी सीटों पर भाजपा का मेगा प्लान, गांवों में नाइट स्टे करेंगे सीएम धामी और बड़े नेता; युवा-दलित वोट बैंक पर खास फोकस

हल्द्वानी: मिशन 2027 को लेकर भाजपा ने उत्तराखंड में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी ने उन 23 विधानसभा सीटों पर खास रणनीति तैयार की है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं मिली थी। इन सीटों पर संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष और कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य गांवों में रात्रि प्रवास करेंगे।

यह फैसला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में हल्द्वानी में हुई कार्यसमिति की बैठक में लिया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि चुनाव से काफी पहले ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय होने के निर्देश दिए गए हैं। योजना के तहत अगले महीने से पार्टी के शीर्ष नेता, केंद्रीय पदाधिकारी और मंत्री उन विधानसभा क्षेत्रों में गांवों का चयन कर रात्रि प्रवास करेंगे, जहां कांग्रेस के विधायक हैं। इस दौरान नेताओं का फोकस सिर्फ जनसभाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे ग्रामीणों और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।

रात्रि प्रवास के साथ ग्रामीणों की समस्याओं पर भी नजर

भाजपा का मानना है कि कांग्रेस के प्रभाव वाली सीटों पर संगठन को मजबूत करने के लिए सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचना जरूरी है। रात्रि प्रवास के दौरान बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें होंगी। नेताओं की ओर से ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी और उनके समाधान की कोशिश की जाएगी। प्रदेश महामंत्री के मुताबिक बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का काम तेजी से चल रहा है।

नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप के साथ किया मंथन

नितिन नवीन ने बुधवार शाम प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप के साथ करीब डेढ़ घंटे तक अलग बैठक की। कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक और संगठनात्मक फीडबैक का खाका तैयार किया गया, जबकि कोर ग्रुप की बैठक में इन सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

युवा, दलित और सीमांत क्षेत्रों पर भाजपा की नजर

कार्यसमिति की बैठक में मंच पर 15 शीर्ष नेताओं और सभागार में मौजूद 600 से अधिक पदाधिकारियों के बीच दिनभर रणनीतिक मंथन हुआ। दो सत्रों में हुई बैठक में युवाओं, दलित समाज और सीमांत क्षेत्रों के वोट बैंक को साधने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विकसित उत्तराखंड के विजन को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

-------------------------------------------------------------------------------------------

‘जेन-जी’ को भाजपा ने बताया युवा शक्ति

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कार्यसमिति में युवाओं की भूमिका पर अपनी बात रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गौतम ने कहा कि आज जिस ‘जेन-जी’ शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह विदेशी शब्द है। भारतीय संस्कृति में इसका वास्तविक अर्थ ‘युवा शक्ति’ है। उनके मुताबिक युवा ही देश का वास्तविक भविष्य हैं। इसी सोच के तहत सरकार युवाओं के विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने कठोर नकल विरोधी कानून लागू करने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और हजारों युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

दलित बस्तियों में पैठ बढ़ाने और विपक्षी नैरेटिव तोड़ने की रणनीति

बैठक में युवाओं के लिए शुरू की गई रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं के साथ दलित समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर भी चर्चा हुई। भाजपा ने विपक्ष के नैरेटिव को तोड़ने के लिए दलित बस्तियों और वंचित वर्गों के बीच अपनी पैठ और मजबूत करने का संकल्प लिया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------