पुलिस ड्यूटी के बीच शिरडी मोहन ने रचा सफलता का इतिहास, UPSSSC परीक्षा पास कर बने ‘बड़े बाबू’

बहराइच: जिले के महसी क्षेत्र के ग्राम उपाध्याय पुरवा, पोस्ट कपूरपुर निवासी श्री रामगोपाल उपाध्याय और श्रीमती सावित्री देवी के पुत्र शिरडी मोहन ने मेहनत और समय प्रबंधन की मिसाल पेश की है। यूपी पुलिस की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। शिरडी मोहन का चयन जूनियर असिस्टेंट (कनिष्ठ सहायक अधिकारी) के पद पर हुआ है, जिसे आम बोलचाल में ‘बड़े बाबू’ भी कहा जाता है।

शिरडी मोहन की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के बीच अपनी पढ़ाई को जारी रखा और बेहतर समय प्रबंधन के जरिए इस मुकाम तक पहुंचे। उनकी सफलता ने न सिर्फ परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा पेश की है जो नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
2021 में दोनों भाइयों ने एक साथ हासिल की थी पुलिस की नौकरी
शिरडी मोहन और उनके भाई मदन मोहन उपाध्याय ने वर्ष 2021 में एक साथ पुलिस विभाग में भर्ती होकर परिवार का गौरव बढ़ाया था। दोनों भाइयों ने पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण को भी बनाए रखा।
-------------------------------------------------------------------------------------------
जहां शिरडी मोहन ने पुलिस ड्यूटी के बीच समय निकालकर UPSSSC परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की, वहीं उनके भाई मदन मोहन भी पुलिस सेवा के साथ उच्च शिक्षा की तैयारी और शोध कार्य में लगातार जुटे हुए हैं।
दोनों भाइयों की मेहनत बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
ड्यूटी के साथ शिक्षा के प्रति दोनों भाइयों का समर्पण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। शिरडी मोहन की सफलता की खबर मिलते ही गांव, परिवार और पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं और लोग उनकी मेहनत व उपलब्धि की सराहना कर रहे हैं।

