Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बनगाई रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की मांग, छात्रों ने रेल समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

गोंडा: गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छात्र नेता अंकित शुक्ला के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बनगाई रेलवे स्टेशन से जुड़ी जनहित की रेल समस्याओं को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने बनगाई स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव शुरू करने के साथ ही सवारी गाड़ियों के समय में आवश्यक बदलाव किए जाने की मांग उठाई।

छात्रों का कहना है कि बनगाई रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, विद्यार्थी और समाज के अन्य वर्गों के हजारों दैनिक यात्री सफर करते हैं। ट्रेनों के मौजूदा समय के कारण यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को इस मामले में जल्द कदम उठाना चाहिए।

इंटरसिटी के ठहराव और ट्रेनों के समय में बदलाव की मांग

छात्र-छात्राओं ने कहा कि बनगाई रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही सवारी गाड़ियों के समय में यात्रियों की जरूरत के अनुसार परिवर्तन किया जाना भी जरूरी है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

-------------------------------------------------------------------------------------------

महाप्रबंधक के सामने उठाया जाएगा मामला

ज्ञापन सौंपने के दौरान जेड.आर.यू.सी.सी. सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव, भाजपा नेता उमेश श्रीवास्तव, अमित वर्मा, दानिश अली समेत कई लोग मौजूद रहे।

पंकज कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों को आश्वस्त किया कि शुक्रवार को होने वाली बैठक में महाप्रबंधक के समक्ष बनगाई रेलवे स्टेशन से संबंधित समस्याओं को विस्तार से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े इन मुद्दों के समाधान के लिए विस्तृत चर्चा की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------