आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात अर्नब, 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं; कई इलाके जलमग्न
अमरावती: चक्रवात अर्नब ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय क्षेत्रों को प्रभावित किया। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि अनेक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। तूफान की तीव्रता कमजोर पड़ने के बावजूद कई क्षेत्रों में इसका असर बना हुआ है।
150 किमी प्रति घंटे तक पहुंची हवाओं की रफ्तार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, चक्रवात अर्नब ने आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार किया। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात यनम के दक्षिण-पश्चिम में तटीय क्षेत्र से आगे बढ़ा। इसका असर नरसापुर, यनम और काकीनाडा समेत आसपास के क्षेत्रों में देखा गया। तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
पेड़ और बिजली के खंभे उखड़े, कई इलाकों में बिजली गुल
चक्रवात के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही प्रमुख सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस और सरकारी विभागों की टीमें सड़कों से गिरे पेड़ों तथा अन्य मलबे को हटाने में जुटी हैं, ताकि यातायात और जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल किया जा सके।
अनकापल्ली, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और कोनासीमा जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। संबंधित जिलों के अधिकारियों ने तेज हवाओं और बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी दी है।
काकीनाडा में बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को बचाया
भारी बारिश और समुद्र का पानी रिहायशी तथा व्यावसायिक इलाकों में घुसने से काकीनाडा में कई लोग फंस गए। पुलिस के अनुसार, बॉम्बे कट्टा के पास पानी से घिरे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ये लोग सुबह काम पर पहुंचे थे, लेकिन जलभराव के कारण वहां से निकल नहीं पा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने बचाव अभियान चलाया और उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की।
काकीनाडा एंकरेज बंदरगाह स्थित केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) के गोदामों में भी कर्मचारियों के फंसने की सूचना मिली। भारी बारिश और परिसर में पानी भरने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। वहां काम कर रहे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने कार्रवाई की।
नादाकुदुरु निवासी सी. दुर्गा प्रसाद ने बताया कि वह चक्रवात के दौरान काकीनाडा बस अड्डे की ओर जाते समय फंस गए थे। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित निकाला।
बस सेवाएं बंद होने से यात्री परेशान

चक्रवात के चलते बस सेवाएं प्रभावित होने से काकीनाडा में कई यात्री भी फंस गए। कपड़ों की दुकान के प्रबंधक आकाश ने बताया कि वह सुबह छह बजे विशाखापत्तनम जाने के लिए निकले थे, लेकिन परिवहन सेवाएं बंद होने के कारण बस परिसर में ही रुकना पड़ा।
उन्होंने बताया कि सड़कों पर पेड़ गिरने से कई रास्ते बंद हो गए हैं। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने तथा बिजली के तार टूटने की घटनाएं भी हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने और बाढ़ के पानी से भरे इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे से बुधवार तड़के 4 बजे के बीच अनकापल्ली, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों में कई स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
अनकापल्ली के कन्नूरीपालेम में सर्वाधिक 261.5 मिलीमीटर बारिश हुई। विजयनगरम जिले के केवीबीआर स्कूल क्षेत्र में 259.74 मिलीमीटर और विशाखापत्तनम की 16वीं पुलिस बटालियन के इलाके में 259.06 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा की
राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से बुधवार और बृहस्पतिवार को भी भारी बारिश होने की आशंका है। मुख्यमंत्री नायडू ने बुधवार सुबह 6:15 बजे टेलीकॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा की।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़कों पर गिरे पेड़ों को जल्द हटाने और तूफान की तीव्रता कम होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर कई प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद की गई है।
राज्य के स्कूली शिक्षा विभाग ने प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रय और सहायता उपलब्ध कराने के लिए 609 स्कूलों को राहत एवं पुनर्वास केंद्रों में बदला है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और खतरनाक परिस्थितियों में फंसने पर डायल 112 या काकीनाडा पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी है। प्रशासन का जोर सड़कों से मलबा हटाने, फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और बिजली सहित आवश्यक सेवाओं को बहाल करने पर है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be

