Top Newsदेश

कश्मीर में फिर सक्रिय होने की कोशिश में आतंकी? कुलगाम में CRPF नाके पर फायरिंग के बाद लश्कर कमांडर की भूमिका की जांच

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखरन इलाके में 11 नवंबर को सीआरपीएफ के नाके पर हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां कई पहलुओं की जांच कर रही हैं। इस घटना में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट की संभावित भूमिका भी जांच के दारे में है। एजेंसियों को आशंका है कि इस वारदात के पीछे सीमापार सक्रिय आतंकी संगठनों का हाथ हो सकता है। माना जा रहा है कि सीआरपीएफ के सफल अभियानों से बौखलाए आतंकी संगठन घाटी में दोबारा दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां कुलगाम में हुई ताजा गोलीबारी और पहले की आतंकी घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, इस हमले में लतीफ की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। एजेंसियों के अनुसार, कुलगाम का रहने वाला 22 वर्षीय मोहम्मद लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा और उसके मुखौटा संगठनों द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) तथा कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA) से जुड़ा स्थानीय कमांडर है।

पुलिसकर्मी और प्रवासी मजदूरों की हत्या में भी आया था नाम

लतीफ का नाम इससे पहले 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग के व्यस्त लाल चौक इलाके में हुई पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में सामने आया था। इस घटना में हेड कांस्टेबल अशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लतीफ की पहचान की थी।

इसके बाद 31 जुलाई को कुलगाम जिले के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच में भी लतीफ का नाम सामने आया था।

NIA भी करेगी कुलगाम हमले की जांच

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुई गोलीबारी की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी करेगी। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि एनआईए की टीम घटनास्थल का दौरा करेगी। इस दौरान टीम फोरेंसिक नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटा सकती है, ताकि हमले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सके।

किश्तवाड़ में भी आतंकवाद रोधी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर का किश्तवाड़ क्षेत्र लंबे समय से सेना और सुरक्षाबलों के आतंकवाद रोधी अभियानों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां के दूरदराज और दुर्गम जंगलों में सक्रिय आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। जम्मू से करीब 200 किलोमीटर दूर स्थित किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के दौरान अब तक कई आतंकवादी मारे जा चुके हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be