देश

मुंबई कोस्टल रोड पर आधी रात मची अफरातफरी, बेकाबू SUV ने 5-6 गाड़ियों को मारी टक्कर, फिर बनी आग का गोला

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कोस्टल रोड पर शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित एसयूवी ने जाम में फंसी पांच से छह गाड़ियों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एसयूवी के बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कोस्टल रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

पहले से लगा था जाम, पीछे से आई SUV ने मचाई तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले कोस्टल रोड के अंदरूनी हिस्से में एक मामूली दुर्घटना हुई थी। इसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और गाड़ियां धीमी गति से आगे बढ़ रही थीं।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक एसयूवी का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू गाड़ी ने आगे खड़ी पांच से छह कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी के बोनट से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठती देख मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और गश्त कर रही पुलिस टीम ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और यातायात पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद एसयूवी में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी। हादसे के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।

करीब एक घंटे तक बंद रहा कोस्टल रोड का हिस्सा

दुर्घटना के बाद सड़क पर फैली अफरातफरी और जलती एसयूवी के चलते कोस्टल रोड के एक हिस्से में यातायात रोकना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग को करीब एक घंटे तक बंद रखा गया।

आग बुझने के बाद टोइंग वैन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। यातायात पुलिस ने भी रास्ता खाली कराने और वहां फंसे वाहनों को निकालने में मदद की। इसके बाद कोस्टल रोड पर दोबारा यातायात बहाल कर दिया गया।

नशे में था SUV चालक? पुलिस खंगाल रही हादसे की वजह

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। संबंधित वाहन चालकों और मालिकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि एसयूवी चालक शराब के नशे में था या तेज रफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

हालांकि, अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से हादसे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस दुर्घटना के चश्मदीद और पीड़ित जितेंद्र खामणगावकर की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने हादसे के दौरान हुए घटनाक्रम और मौके पर बने हालात की जानकारी दी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be