Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एम्स रायबरेली में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, एकता और अखंडता की दिलाई गई शपथ


लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। एकता दौड़ का शुभारंभ डीन (अनुसंधान) प्रो. अर्चना वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डीन (अनुसंधान) ने अपने संदेश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से प्रतिभागियों ने एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार बल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रीय एकता की भावना को और सुदृढ़ करना था।
डीन (अकादमिक) प्रो. नीरज कुमारी ने संस्थान के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be